Advertisement
25 April 2022

हनुमान चालीसा विवाद: सांसद नवनीत राणा मुंबई की भायखला जेल और उनकी विधायक पति तलोजा जेल में बंद

प्रतीकात्मक तस्वीर

मुंबई पुलिस ने निर्दलीय सांसद नवनीत राणा को भायखला महिला जेल में स्थानांतरित कर दिया है, जबकि उनके विधायक पति रवि राणा को कड़ी सुरक्षा के बीच नवी मुंबई की तलोजा जेल ले जाया गया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

मुंबई में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के निजी आवास 'मातोश्री' के बाहर हनुमान चालीसा का जाप करने का आह्वान करने के बाद दंपति को शनिवार को गिरफ्तार किया गया, जिसका शिव सैनिकों ने विरोध किया था।

मुंबई पुलिस ने बाद में राजनेता दंपति पर देशद्रोह का आरोप लगाया। रविवार को मुंबई की एक अदालत ने राणा दंपति को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इसके बाद रविवार देर रात महाराष्ट्र के अमरावती से सांसद नवनीत राणा को भायखला महिला जेल ले जाया गया।

Advertisement

अधिकारी ने बताया कि अमरावती के बडनेरा से विधायक उनके पति रवि राणा को पहले मुंबई के आर्थर रोड जेल ले जाया गया, लेकिन वहां पर्याप्त जगह न होने के कारण कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें नवी मुंबई की तलोजा जेल ले जाया गया।
        
इससे पहले, राणा के खिलाफ धारा 153 ए (धर्म, जाति, जन्म स्थान, निवास, भाषा, आदि के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देना और सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रतिकूल कार्य करना) और 34 (सामान्य इरादा) के तहत मामला दर्ज किया गया था। बाद में पुलिस ने उनके खिलाफ मामले में आईपीसी की धारा 124-ए (देशद्रोह) भी जोड़ा। गौरतलब है कि महाराष्ट्र के गृह मंत्री दिलीप वालसे पाटिल ने रविवार को राणा दंपत्ति की गिरफ्तारी को 'उचित' करार दिया था।
         

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Hanuman Chalisa controversy, Navneet Rana, Byculla Jail, Ravi Rana, Taloja Jail, Dilip Walse, Shivsena
OUTLOOK 25 April, 2022
Advertisement