Advertisement
16 August 2019

इफको ने डीएपी और एनपीके खाद की कीमतों में 50 रुपये की कटौती की

सहकारी खाद कंपनी इंडियन फॉमर्र फर्टीलाइजर कॉपरेटिव लिमिटेड (इफको) ने डीएपी और एनपीके खाद की कीमतों में 50 रुपये प्रति बोरी की कटौती कर दी है तथा घटी हुई कीमतें लागू भी हो गई हैं।

इफको के प्रबंध निदेशक यूएस अवस्थी ने एक ट्वीट के माध्यम से कीमतों में कटौती का एलान किया। अपने ट्वीट में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साल 2022 तक किसानों की आमदनी को दोगुना करने के लक्ष्य को प्राप्त करने में इससे मदद मिलेगी, क्योंकि कीमतों में कमी किसानों की उत्पादन लागत को घटाएगी।

कंपनी के अनुसार डीएपी का भाव 1,300 रुपये बोरी से घटा कर 1,250 रुपये बोरी (50 किलो ग्राम) कर दिया गया है। इसी तरह एनपीके (नाट्रोजन, फासफोरस, पोटास) की एक बोरी 1,250 की जगह अब 1,200 रुपये तथा एनपीके2 की बोरी 1,260 की जगह 1,210 रुपये में बेची जाएगी। कंपनी ने एनपी का भाव भी 1,000 रुपये से घटा कर 950 रुपये बोरी कर दिया है।

Advertisement

35,000 सहकारी समितियों के माध्यम से पांच करोड़ किसानों जुड़े हुए हैं कपनी से

इफको के प्रबंध निदेशक यूएस अवस्थी ने कहा कि यह सहकारी संस्था लगातार किसानों के लाभ और वृद्धि में लगी हुई है ताकि 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के प्रधानमंत्री के लक्ष्य को हासिल किया जा सके। कंपनी पूरे देश में 35,000 सहकारी समितियों के माध्यम से पांच करोड़ किसानों को सेवा दे रही है। यह दुनिया की सबसे बड़ी उर्वरक कंपनियों में गिनी जाती है। 2018-19 में इसका कारोबार 27,852 करोड़ रुपये था।

इफकों की उत्पादन क्षमता 81.49 लाख टन

इफकों के देश के अलग-अलग राज्यों में पांच कारखाने हैं। उनकी उत्पादन क्षमता कुल मिला कर 81.49 लाख टन है। कंपनी साधारण बीमा, ग्रामीण मोबाइल दूरसंचार, तेल-गैस, अंतराष्ट्रीय व्यापार और खाद्य प्रसंस्करण जैसे अन्य विविध क्षेत्रों में भी काम कर रही है।

TAGS: IFFCO, slashes, prices, DAP, NPK, fertilizer, Rs 50
OUTLOOK 16 August, 2019
Advertisement