Advertisement
21 December 2018

केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू करेगी किसान खेत मजदूर कांग्रेस

तीन राज्यों छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में सरकार बनाने के बाद कांग्रेस ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। कृषि संकट के मुद्दों पर किसान खेत मजदूर कांग्रेस के चेयरमैन नाना पटोले ने कहा कि अगले महीने से कांग्रेस राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन करेगी।

न्यूज एजेंसी पीटआई के अनुसार नाना पटोले ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार किसान विरोधी है, इसलिए किसान खेत मजदूर कांग्रेस की राज्य इकाइयां किसानों के साथ केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन करेंगी। ये अभियान दिल्ली में फरवरी में होने वाली किसान रैली के साथ संपन्‍न हो जाएगा।

पटोले ने कहा कि हम फरवरी 2019 में दिल्ली में बड़ी सार्वजनिक रैली करेंगे, जिसमें राहुल गांधी, पूरा विपक्ष और विभिन्न किसान संगठन शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपाशासित राज्यों में बड़े पैमाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ प्रदर्शन करेगी।

Advertisement

पटोले ने कहा कि तीन राज्यों में सत्ता में आते ही राहुल गांधी के निर्देश पर कृषि ऋण छूट की घोषणा कर दी गई। लेकिन 2014 में चुनाव अभियान के दौरान, भाजपा ने किसानों से कई वादे किए थे, जिन्हें उन्होंने अभी तक पूरा नहीं किया है। हम प्रधानमंत्री को याद दिलाने के लिए अभियान शुरू कर रहे हैं। हम प्रधानमंत्री को शांति से सोने नहीं देंगे।

यह पूछे जाने पर कि क्या कर्जमाफी देश में कृषि संकट को खत्म करने का एकमात्र समाधान है? पटोले ने जवाब दिया, यह समाधानों में से एक है। हम इस संकट को हल करने के लिए ब्लू प्रिंट तैयार करने का काम कर रहे हैं। प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना, किसानों को बोनस और बीमा योजनाएं इसका समाधान हो सकती हैं। लेकिन अभी तत्काल राहत देने के लिए कर्जमाफी की आवश्यकता है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Kisan, Khet, Mazdoor, Cong, launch, agitation, against, Centre
OUTLOOK 21 December, 2018
Advertisement