Advertisement
21 December 2016

हिन्दी में नासिरा शर्मा और अंग्रेजी में जेरी पिंटो को साहित्य अकादमी पुरस्कार

गूगल

साहित्य अकादमी के सचिव के श्रीनिवास राव ने आज यहां बताया कि इस वर्ष आठ कविता-संग्रह, पांच उपन्यास, दो समालोचना, एक निबंध संग्रह और एक नाटक के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार अगले साल 22 फरवरी को यहां आयोजित एक समारोह में दिए जाएंगे।

राव ने बताया कि हिन्दी में नासिरा शर्मा को उनके उपन्यास पारिजात के लिए जबकि उर्दू में निज़ाम सिद्दीकी को उनकी समालोचना माबाद-ए-जदिदिआत से नये अहेद की तखलिकि़यात तक और अंग्रेजी में जेरी पिंटो को उनके उपन्यास एम एंड द बिग हूम के लिए पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

सचिव ने बताया कि मैथली में श्याम दरिहरे को उनके कहानी संग्रह बड़की काकी एट हॉटमेल डॉट कॉम, पंजाबी में स्वराजबीर को उनके नाटक मसिआ दी रात और राजस्थानी में बुलाकी को उनके कहानी संग्रह मरदजात अर दूजी कहाणियां के लिए पुरस्कार से नवाजा जाएगा।

Advertisement

उन्होंने कहा कि असमिया में ज्ञान पुजारी को उनके कविता संग्रह मेघमालार भ्रमण, बोडो में अंजु (अंजलि नार्जारी) को उनके कविता संग्रह आं माबोरै दं दासों के लिए, डोगरी में छत्रपाल को उनके कहानी संग्रह चेता के लिए, गुजारती में कमल वोरा को उनके कविता संग्रह अनेक एक के लिए, कन्नड़ में बोलवार महमद के. को उनके उपन्यास स्वतंत्रायदा ओटा के लिए साहित्य अकादमी सम्मान से नवाजा जाएगा।

राव ने कहा कि मलयालम में प्रभा वर्मा को उनके कविता संग्रह श्याममाधवम के लिए, बांग्ला में नृसिंह प्रसाद भादुड़ी को उनके निबंध महाभारतेर अष्टादशी के लिए ,कश्मीरी में अज़ीज़ हाजिनी को उनकी समालोचना आने खाने को साहित्य अकादमी पुरस्कार देने के लिए चुना गया है।

उन्होंने कहा कि कहानी वर्ग में तमिल में वन्नदासन को ओरू सिरू इसै के लिए, ओडि़या में पारमिता सत्पथी को प्राप्ति के लिए, मराठी में आसाराम लोमटे को आलोक के लिए और मणिपुरी में मोइराड्थेन राजेन को चेपथरबा ईशिड्पुन के लिए पुरस्कार दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि उपन्यास वर्ग में कोंकणी में एडविन जे एफ डिसोजा को कोल भांगर और नेपाली में गीता उपाध्याय जन्मभूमि मेरो स्वेदश के लिए पुरस्कार दिया जाएगा।

राव ने कहा कि पुरस्कारों की अनुशंसा 24 भारतीय भाषाओं की निर्णायक समितियों द्वारा की गई तथा साहित्य अकादमी के अध्यक्ष विश्वनाथ प्रसाद तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित अकादमी के कार्यकारी मंडल की बैठक में आज इन्हें अनुमोदित किया गया।

उन्होंने कहा कि इन रचनाकारों को पुरस्कार के रूप में उत्कीर्ण ताम्रफलक, शॉल और एक लाख रूपये की राशि दी जाएगी।

भाषा 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Jerry Pinto, Nasira Sharma, prestigious, Sahitya Akademi awards
OUTLOOK 21 December, 2016
Advertisement