Advertisement
28 July 2016

नामवर सिंह के जन्मदिन समारोह में आया, अब कोई असहिष्णु नहीं कहेगा – राजनाथ

नामवर सिंह आलोचक नहीं समालोचक हैं – राजनाथ सिंह | नामवर सिंह के 90वें जन्मदिन पर उन्हें सम्मानित करते गृहमंत्री राजनाथ सिंह, फोटो : त्रिभुवन तिवारी

यशस्वी और प्रखर आलोचक, अपने छात्रों के इतर भी शैक्षणिक जगत में प्रिय अध्यापक डॉ. नामवर सिंह आज 90 साल के हो गए। उनके जन्मदिन पर दिल्ली में दो अलग-अलग आत्मीय आयोजनों में उनके कृतित्व और व्यक्तित्व पर खूब सारी बातें हुईं। दिल्ली के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र ने इस मौके पर पूरे दिन का कार्यक्रम रखा जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और संस्कृति मंत्री महेश शर्मा खास तौर पर आए थे।

अपनी चिरपरिचित शैली में शुरुआत करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा, ‘मनुष्य कभी भी शब्दों के अलंकरण से विभूषित नहीं हो सकता। वह अपनी कृतियों से ही विभूषित होता है जैसे यशस्वी डॉ. नामवर सिंह।’ राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि वह डॉ. नामवर सिंह को आलोचक की बजाय समालोचक कहना ज्यादा पसंद करेंगे, क्योंकि आलोचना में बैर भाव है, समालोचना में बराबरी का भाव है। उन्होंने सखा भाव से सभी को देखा है। हालांकि मैं साहित्यिक परंपरा के बारे में कम जानता हूं।

इस कार्यक्रम को लेकर साहित्यिक धड़े में भी विभेद था। कुछ साहित्यकारों का मानना था कि डॉ. नामवर सिंह को इस कार्यक्रम का हिस्सा नहीं होना चाहिए क्योंकि इस कार्यक्रम में दक्षिणपंथी शामिल हैं और डॉ. नामवर ने हमेशा वामपंथ का साथ दिया है। इसी बात पर चुटकी लेते हुए राजनाथ सिंह ने कहा, ‘यहां आने में मेरा अपना भी स्वार्थ था। मुझे पता चला कि डॉ. सिंह वामपंथ के लेखक हैं। मैं इसलिए भी यहां आ गया ताकि भविष्य में कोई मुझे कम से असहिष्ण नहीं कह पाएगा।’

Advertisement

कार्यक्रम की शुरुआत में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के अध्यक्ष रामबहादुर राय ने नामवर सिंह को बधाई देते हुए कहा कि वह आज के उत्सव पुरुष हैं। पुरुष का मतलब है जिसमें नगर बसता है। नामवर सिंह में तो पूरी दुनिया बसती है। उनका सिर्फ साहित्यकार कह कर परिचय ककहरा सीखते बच्चों को ही बताया जा सकता है।

राजकमल प्रकाशन ने भी उनके जन्मदिन के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस अवसर पर राजकमल प्रकाशन से प्रकाशित उनके द्वारा संपादित रामचंद्र शुक्ल की रचनावली, और दो अन्य किताबें हजारी प्रसाद द्विवेदी की जय यात्रा और नामवर के नोट्स का लोकार्पण किया गया। दोनों ही कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में उनके प्रशंसक, बुद्धिजीवी उपस्थित हुए। 

TAGS: namwar singh, rajnaath singh, mahesh sharma, नामवर सिंह, राजनाथ सिंह, महेश शर्मा
OUTLOOK 28 July, 2016
Advertisement