Advertisement
13 October 2016

अमेरिकी गायक और गीतकार बॉब डिलेन को मिला साहित्य का नोबेल पुरस्कार

गूगल

नोबल पुरस्कार देने वाली स्वीडिश एकेडमी ने कहा कि 75 साल के डिलेन को अमेरिकी गीतों की लंबी परंपरा में नई काव्य शैली विकसित करने के लिए नोबेल पुरस्कार के लिए चूना गया है। 1941 में मिनेसोटा के डुलुथ में एक साधारण परिवार में जन्मे रॉबर्ट एलेन जिमेरमन उर्फ बॉब डिलेन ने बड़े होने के साथ हार्मोनिका, गिटार और पियानो बजाना सीखा। डिलेन को पुरस्कार के साथ 80 लाख क्रोनोर (9,06,000 डॉलर) की धनराशि मिलेगी। पुरस्कार की घोषणा के कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों ने हैरान होने के बाद तालियां बजाकर इसका स्वागत किया। पूर्व में भी नोबेल के लिए गायक के नाम की अटकलें लगी थीं लेकिन उनकी दावेदारी को कभी भी गंभीरता से नहीं लिया गया। एकेडमी की स्थायी सचिव सारा दानियस ने कहा कि डिलेन के गाने कानों में कविता जैसे लगते हैं। नोबेल पुरस्कार गायक के लिए सबसे नया सम्मान है।

साहित्य के नोबेल पुरस्कार की घोषणा के साथ इस साल के नोबेल पुरस्कारों के सभी विजेताओं की सूची पूरी हो गई। इससे पहले चिकित्सा, भौतिकी, रसायनशास्त्र, अर्थशास्त्र और शांति के नोबेल पुरस्कारों की घोषणा की जा चुकी है। शांति के नोबेल पुरस्कार विजेता को छोड़कर बाकी दूसरे विजेताओं को 10 दिसंबर को स्टॉकहोम में एक औपचारिक समारोह में ये पुरस्कार दिए जाएंगे। शांति का नोबेल पुरस्कार उसी दिन नार्वे की राजधानी ओस्लो में होने वाले एक दूसरे समारोह में दिया जाएगा। यह पुरस्कार नार्वे की नोबेल समिति देती है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: अमेरिकी गीतकार, गायक, बॉब डिलेन, नोबेल साहित्य पुरस्कार, प्रतिष्ठित सम्मान, स्वीडिश एकेडमी, नई काव्य शैली, रॉबर्ट एलेन जिमेरमन, स्थायी सचिव, सारा दानियस, American songwriter, Music legend, Bob Dylan, Nobel Literature Prize, Prestigious award, New poetic expressions
OUTLOOK 13 October, 2016
Advertisement