Advertisement
20 January 2016

तेल बाजार तबाह होने का खतरा, अमेरिकी क्रूड 12 साल में सबसे सस्‍ता

आईईए ने कहा है कि जिस तेजी के साथ बाजार में कच्चे तेल की आपूर्ति बढ़ रही है उससे लगता है कि तेल का बाजार ध्वस्त हो जाएगा। अमेरिका का बेंचमार्क वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) आज एक समय 27.55 डालर प्रति बैरल तक गिर गया था जो सितंबर 2003 के बाद यह कच्चे तेल का सबसे कम मूल्य है। यह पिछले दिन के मुकाबले 78 सैंट अथवा 2.74 प्रतिशत नीचे था। इससे पहले 23 सितंबर 2003 को डब्ल्यूटीआई का दाम 27.13 डालर प्रति बैरल पर था। ब्रेंट क्रूड का दाम 48 सेंट घटकर 28.28 डालर पर बोला गया। इससे पहले नवंबर 2003 में ब्रेंट क्रूड का दाम इस स्तर के आसपास था।

बाजार विश्लेषक फिलिप फ्यूचर ने कहा, आईईए की रिपोर्ट ने कच्चे तेल के दाम नीचे लाने में बड़ी भूमिका निभाई है। आईईए ने मंगलवार को कहा कि तेल के दाम इस साल आगे और गिरेंगे क्योंकि इसकी आपूर्ति मांग के मुकाबले ज्यादा हो रही है। कच्चे तेल के प्रमुख निर्यातक ईरान के बाजार में लौट आने से दूसरे देशों में जो उत्पादन में थोड़ी बहुत कटौती की गई थी उसका असर समाप्त हो गया।

आईईए ने कहा है, जब तक कुछ खास बदलाव नहीं आता है, तब तक कच्चे तेल का बाजार अधिक आपूर्ति के प्रवाह में बहता रहेगा। इस लिहाज से कहा जा सकता है कि दाम और नीचे जा सकते हैं। ईरान की राष्ट्रीय ईरानियन तेल कंपनी ने कहा है कि उसने अपना तेल उत्पादन पांच लाख बैरल प्रतिदिन बढ़ाने का आदेश दिया है। ईरान वर्तमान में 28 लाख बैरल प्रतिदिन तेल का उत्पादन करता है और इसमें से 10 लाख बैरल का निर्यात करता है।

Advertisement

 

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: अंतरराष्‍ट्रीय बाजार, कच्‍चा तेल, अमेरिका कच्‍चा तेल, दाम, गिरावट, ईरान
OUTLOOK 20 January, 2016
Advertisement