Advertisement
16 August 2017

साल 2000 के बाद बिल गेट्स ने किया सबसे बड़ा दान

दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बिल गेट्स ने अपनी दानवीरता जारी रखते हुए अपनी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट के 4.6 अरब डॉलर के शेयर दान कर दिये। पिछले 17 साल में पहली बार बिल गेट्स ने इतनी बड़ी राशि दान में दी है। सोमवार को यूएस सिक्यॉरिटीज ऐंड एक्सचेंज कमिशन की ओर से जारी रिलीज से इसकी जानकारी मिली है। गेट्स ने जितने शेयर दान किए हैं, उन्हें उनकी कुल संपत्ति के करीब 5 फीसदी के बराबर बताया जा रहा है।

दुनिया को पोलियोमुक्त बनाने का लक्ष्य

साल 2010 में वॉरेन बफेट के साथ ‘गिविंग प्लेज’ की स्थापना करने वाले बिल गेट्स ने जून में 4.6 अरब डॉलर की राशि बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन को दान की। यूएस सिक्योरिटी एंड एक्सचेंज कमीशन को दी गयी जानकारी के मुताबिक 4.6 अरब डॉलर के शेयर दान करने के बाद अब गेट्स के पास माइक्रोसॉफ्ट के मात्र 1.3 प्रतिशत शेयर ही बचे हैं। इससे पहले उनके पास 2.3 प्रतिशत शेयर थे।

Advertisement

बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन दुनिया की सबसे बड़ी निजी चैरिटी है, जिसने अन्य संगठनों के सहयोग से 100 से अधिक देशों में अब तक 40 अरब डॉलर से अधिक का फंड जारी किया है। फाउंडेशन का उद्देश्य फिलहाल अगले तीन साल में पूरी दुनिया को पोलियोमुक्त बनाने का है। साल 2000 के बाद से गेट्स ने माइक्रोसॉफ्ट के शेयरों का सबसे बड़ा दान दिया है।

बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन 

साल 1975 में पॉल एलेन के साथ माइक्रोसॉफ्ट की शुरूआत करने वाले बिल गेट्स अरबों डॉलर दान करने के बावजूद दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। वर्ष 1994 से बिल और मेलिंडा गेट्स ने 35 अरब डॉलर की संपत्ति दान की है। उन्होंने 1999 में 16 अरब डॉलर के माइक्रोसॉफ्ट के शेयर दान किये थे। इसके बाद वर्ष 2000 में बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन की शुरूआत 2000 में पांच अरब डॉलर के फंड के साथ की गयी, जिसका लक्ष्य स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करना और गरीबी उन्मूलन है।

इस साल अब तक सबसे अधिक धन राशि दान करने में पहले स्थान पर बिल गेट्स और दूसरे पर वॉरेन बफेट हैं। वॉरेन बफेट ने पिछले महीने ही बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन को अपनी कंपनी के 3.2 अरब डॉलर के शेयर दान किये थे। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, 61 साल के गेट्स ने साल 1999 में 16 अरब डॉलर के माइक्रोसॉफ्ट शेयरों को दान में दे दिया था और इसके ठीक एक साल बाद उन्होंने 5.1 बिलियन डॉलर के शेयर दान दिए थे। इससे पहले बिल और मेलिंडा गेट्स ने साल 1994 में करीब 35 अरब डॉलर के स्टॉक और नकदी दान में दी थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Bill Gates, gives 4.6bn dollar, charity, biggest donation, since 2000, US Securities & Exchange Commission, Bill & Melinda Gates, Giving Pledge, Bill & Melinda Gates Foundation, Microsoft
OUTLOOK 16 August, 2017
Advertisement