Advertisement
11 July 2018

फ्रांस को पीछे छोड़ दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बना भारत

Symbolic Image

भारत दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। वर्ल्ड बैंक की 2017 के लिए जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत ने फ्रांस को पीछे छोड़ यह उपलब्धि हासिल की है।

एएनआई के मुताबिक, फ्रांस की 2.582 ट्रिलियन डॉलर सकल घरेलू आय (जीडीपी) की तुलना में भारत की जीडीपी 2.597 ट्रिलियन डॉलर हो गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कई तिमाही गिरावट झेलने के बाद जुलाई 2017 से देश की आर्थिक विकास दर (इकोनॉमिक ग्रोथ) बढ़ी है।

हालांकि प्रति व्यक्ति आय के मामले में भारत फ्रांस से कई गुना पीछे है। भारत 67 मिलियन आबादी वाले फ्रांस से इस मामले में लगभग 20 गुना पीछे है। रिपोर्ट में कहा गया है कि नोटबंदी और पिछले साल 1 जुलाई से लागू हुई जीएसटी व्यवस्था के बाद मैन्युफैक्चरिंग और लोगों की क्रय शक्ति (खरीद क्षमता) बढ़ने से मुख्य रूप से यह उछाल आई है।

Advertisement

अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के अनुसार इस वित्तीय वर्ष (2018-19) में भारत की जीडीपी 7.4 प्रतिशत और 2019 में इसके 7.8 प्रतिशत रहने के अनुमान हैं।

टॉप अर्थव्यवस्था वाले देशों की सूची में अमेरिका पहले नंबर पर काबिज है। इसके बाद चीन, जापान और जर्मनी का नंबर आता है। लिस्ट में ब्रिटेन आठवें स्थान पर है. रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि 2032 तक भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाएगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: India, sixth largest economy, France, world bank report, 2017
OUTLOOK 11 July, 2018
Advertisement