Advertisement
19 January 2022

भारत के कच्चे तेल के उत्पादन में गिरावट जारी, दिसंबर में दो प्रतिशत और घटा

भारत में कच्चे तेल के उत्पादन में दिसंबर, 2021 में भी गिरावट जारी रही। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ओएनजीसी का उत्पादन घटने से देश के कच्चे तेल उत्पादन में करीब दो प्रतिशत की गिरावट आई है। बुधवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। कच्चे तेल का शोधन करके पेट्रोल और डीजल बनाया जाता है।

दिसंबर, 2021 में कच्चे तेल का उत्पादन 25.1 लाख टन रहा, जो एक वर्ष पहले के उत्पादन 25.5 लाख टन और 26 लाख टन के लक्ष्य के मुकाबले कम है। हालांकि, यह नवंबर, 2021 के 24.3 लाख टन उत्पादन से अधिक है।

भारत की सबसे बड़ी तेल उत्पादक ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) ने दिसंबर में 16.5 लाख टन कच्चे तेल का उत्पादन किया जो तीन प्रतिशत की गिरावट को दर्शाता है। हालांकि, ऑयल इंडिया लिमिटेड का उत्पादन 5.4 प्रतिशत बढ़कर 2,54,360 टन पर पहुंच गया।

Advertisement

मांग के मुकाबले घरेलू आपूर्ति कम होने के कारण भारत को अपनी कच्चे तेल की 85 प्रतिशत जरूरत को आयात से पूरा करना पड़ता है।

चालू वित्त वर्ष के पहले नौ माह (अप्रैल-दिसंबर) में कच्चे तेल का उत्पादन 2.63 प्रतिशत गिरकर 2.23 करोड़ टन रह गया। ओएनजीसी का उत्पादन चार प्रतिशत घटकर 14.6 करोड़ टन रहा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: India's oil production, continues to slip, down, 2% in December
OUTLOOK 19 January, 2022
Advertisement