Advertisement
18 January 2017

भारत में निवेश करने का सही समय: गडकरी

google

गडकरी ने कहा कि भारत रिकॉर्ड स्तर पर सड़क निर्माण परियोजनाओं को आगे बढ़ा रहा है और भूमि अधिग्रहण तथा पर्यावरण मंजूरी को लेकर किसी तरह की दिक्कत नहीं है। उन्होंने कहा कि बंदरगाह क्षेत्रा भी तेजी से बढ़ रहा है। छह नए बंदरगाहों का विकास किया जा रहा है और देश क्रूज पर्यटन पर ध्यान दे रहा है। उन्होंने कहा कि अंतर्देशीय नदी मार्ग एक अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्र है और गंगा नदी में इसके साथ काम शुरू हो गया है।

गडकरी ने कहा कि  हमारी कुछ नई योजनाएं हैं जिनमें लॉजिस्टिक्स पार्क और राजमार्ग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कृषि प्रमुख प्राथमिकता वाला क्षेत्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि हम निवेश के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध करा रहे हैं और यह देश में निवेश का अनुकूल समय है। गडकरी ने कहा कि भारत आम आदमी की खरीद क्षमता सुधारने के लिए काम कर रहा है और इससे आगे और अवसर उपलब्ध होंगे।

वह सीआईआई तथा बीसीजी द्वारा विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक 2017 के मौके पर अलग से आयोजित सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शुरुआत में कुछ परेशानियां थीं, लेकिन अब चीजों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और एक महीने में सब कुछ सामान्य हो जाएगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान से काफी मदद मिलेगी। इससे टोल संग्रहण भी बढ़ा है। (एजेंसी)

TAGS: गडकरी, भारत, दावोस, निवेश, डब्ल्यूईएफ
OUTLOOK 18 January, 2017
Advertisement