Advertisement
30 March 2022

केंद्रीय कर्मचारियों के लिए खुशखबरी: कैबिनेट ने 3% महंगाई भत्ता बढ़ाया, 1 जनवरी 2022 से होगा लागू

केंद्र की मोदी सरकार ने अपने कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में  1 जनवरी2022 से केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) में 3% की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी गई है। इसके साथ ही केंद्रीय कर्मचारियों का डीए अब 31 फीसदी से बढ़कर 34 फीसदी हो गया है। यह फैसला एक जनवरी 2022 से लागू होगा। जानकारी के मुताबिक, इससे करीब 47.68 लाख कर्मचारियों और 68.62 लाख पेंशनर्स को फायदा होगा। सरकार के इस फैसले से सरकारी खजाने पर हर साल 9544.50 करोड़ रुपये का बोझ बढ़ेगा।

इससे पहले अक्टूबर 2021 में केंद्र सरकार के कर्मचारियों के डीए को 28% से बढ़ाकर 31% करने का फैसला किया था। 

अभी तक केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को 31 प्रतिशत के हिसाब से महंगाई भत्ता दिया जा रहा है। लेकिन सरकार ने इसे 3 प्रतिशत बढ़ाकर 34 प्रतिशत कर दिया है। केंद्रीय कर्मचारियों को अप्रैल के वेतन के साथ में नए महंगाई भत्ते का पूरा पेमेंट किया जाएगा। अप्रैल के महीने में कर्मचारियों को उनका पिछले 3 महीने का सारा एरियर भी दिया जाएगा। 3 फीसदी महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी के बाद केंद्रीय कर्मचारियों को 73,440 से लेकर 2,32,152 20 रुपये तक के एरियर का लाभ मिलेगा।

Advertisement

 

बता दें कि केंद्र सरकार ने पिछले साल जुलाई 2021 में केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते को 17 फीसदी से बढ़ाकर 28 फीसदी कर दिया गया था। कोरोना महामारी की वजह से केंद्र सरकार ने डेढ़ साल तक महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी पर रोक लगा दी थी। जुलाई 2021 के बाद केंद्र सरकार ने अक्टूबर 2021 में केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 फीसदी और बढ़ोतरी करके 31 फीसदी कर दिया था। केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए संशोधित डीए जुलाई, 2021 से लागू हुआ था। केंद्र सरकार के पेंशनभोगियों के लिए महंगाई राहत को भी बढ़ाकर 31 प्रतिशत कर दिया गया था, जो 1 जुलाई 2021 से प्रभावी था।

गौरतलब हौ कि केंद्र सरकार के कर्मचारियों का डीए साल में दो बार जनवरी से जुलाई के बीच अपडेट किया जाता है। महंगाई भत्ते की वर्तमान दर को मूल वेतन से गुणा करके डीए का कैलकुलेशन किया जाता है। सरकारी कर्मचारियों और सार्वजनिक क्षेत्र के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को डीए दिया जाता है। यह कर्मचारियों को उनके रहने के खर्च में मदद करने के लिए दिया जाता है। डीए में बढ़ोतरी से केंद्रीय कर्मचारियों को राहत मिलेगी। देश में पेट्रोल और डीजल की कीमत में पिछले कई दिनों से बढ़ोतरी हो रही है। पेट्रोल और डीजल की कीमत पिछले नौ दिनों में आठ किस्तों में 5.60 रुपये प्रति लीटर बढ़ चुकी है। इससे महंगाई का खतरा बढ़ गया है। 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Union Cabinet, hikes, Dearness Allowance, Central Government employees, Dearness Relief (DR), pensioners, 3% to 34%, 1st January 2022
OUTLOOK 30 March, 2022
Advertisement