नीरव मोदी केस: पीएनबी के सेवानिवृत्त अधिकारी के विरुद्ध सीबीआई का नया आरोपपत्र
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने पंजाब नेशनल बैंक के सेवानिवृत्त उप प्रबंधक गोकुलनाथ शेट्टी के खिलाफ नया आरोपपत्र दाखिल किया है जिसने 13 हजार करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की साजिश में नीरव मोदी और मेहुल चोकसी को कथित तौर पर मदद की थी। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि आय से ज्यादा 2.63 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित करने के मामले में उसकी पत्नी पर भी नया आरोपपत्र दायर किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी ने शेट्टी और इंडियन बैंक में लिपिक उसकी पत्नी आशा लता शेट्टी पर 2011-17 के दौरान 4.28 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति इकट्ठा करने के भ्रष्टाचार के आरोप हैं। घोटाले की साजिश मुंबई में पीएनबी के ब्रैडी हाउस ब्रांच में रचा गया था जहां वह पदस्थ था।
सीबीआई के मुताबिक कुल संपत्तियों में से 2.63 करोड़ रूपये की संपत्ति के बारे में उन्होंने संतोषजनक उत्तर नहीं दिए, जो उनकी आय के ज्ञात स्रोत से 2.38 गुना ज्यादा है।
उन्होंने कहा कि सीबीआई ने शेट्टी और मोदी-चोकसी के संबंधों की जांच की जिस दौरान उसे सेवानिवृत्त उप प्रबंधक की संपत्तियों के बारे में जानकारी मिली।
उन्होंने कहा कि निवेश, आय और खर्च की गणना करने के बाद सीबीआई ने पाया कि शेट्टी और उनकी पत्नी ने 2011-17 के दौरान 2.63 करोड़ की आय से ज्यादा संपत्ति एकत्रित की।
उन्होंने कहा कि सीबीआई मोदी और चोकसी के विरुद्ध पहले ही आरोपपत्र दायर कर चुकी है जिसमें शेट्टी की भूमिका के बारे में बताया गया है। शेट्टी फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।