Advertisement
18 March 2015

प्राकृतिक गैस का मूल्य 10 फीसदी कम होगा

पीटीआइ

इस घटनाक्रम से जुड़े सूत्रों ने बताया कि प्रमुख अंतरराष्ट्रीय केंद्रों की औसत दरों के आधार पर प्राकृतिक गैस मूल्य का संशोधन एक अप्रैल से होना है। नई दर करीब 5.02 डालर प्रति एमएमबीटीयू होगी जबकि मौजूदा दर 5.61 डालर प्रति एमएमबीटीयू है। गुणवत्ता (ग्रॉस कैलोरिफिक वैल्यू) के आधार पर मूल्य करीब 4.67 डालर प्रति एमएमबीटीयू होगा जो फिलहाल 5.05 डालर एमएमबीटीयू है। भाजपा नीत राजग सरकार ने अक्टूबर 2014 में 31 मार्च तक देश में उत्पादित लगभग सभी प्राकृतिक गैस का मूल्य 5.61 डालर प्रति एमएमबीटीयू तय करने के लिए नए फॉर्मूले का उपयोग किया था।

अगले छह महीने के लिए गैस का मूल्य अमेरिका के हेनरी हब, ब्रिटेन के नेशनल बैलेंसिंग प्वाइंट, अल्बर्टा (कनाडा) और रूस की दर के एक साल के औसत के आधार पर तय होगा जिसमें मौजूदा तिमाही नहीं शामिल होगी। इस तरह एक अप्रैल से 30 सितंबर तक घरेलू गैस का मूल्य जनवरी से दिसंबर, 2014 के औसत मूल्य पर आधारित होगा। सूत्रों ने कहा कि पेट्रोलियम मंत्रालय इस सप्ताह किसी दिन नई दर की घोषणा कर सकता है। 

TAGS: प्राकृतिक गैस, मूल्य, एमएमबीटीयू, रिलायंस, ओएनजीसी
OUTLOOK 18 March, 2015
Advertisement