Advertisement
15 May 2018

शेयर बाजार पर कर्नाटक चुनाव का असर, 371 अंक ऊपर चढ़ा सेंसेक्स

File Photo

कर्नाटक चुनाव में नतीजों के रुझान का असर अब देश के शेयर मार्केट पर भी देखने को मिल रहा है। रुझानों में बीजेपी को मिली बढ़त के साथ ही सेंसेक्स करीब 371.84 अंक की उछाल के साथ 35,928.55 पर कारोबार कर रहा है जबकि निफ्टी 103.65 अंक ऊपर 10,910.25 पर कारोबार कर रहा है।

इससे पहले सोमवार को मुंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स शुरुआती लाभ गंवाते हुए 21 अंक की बढ़त के साथ 35,556.71 अंक पर बंद हुआ। कर्नाटक विधानसभा चुनावों के नतीजों से पहले निवेशकों ने भी सतर्कता का रुख अपनाया।

मंगलवार सुबह 9.20 पर सेंसेक्स 225 अंक ऊपर 35,782 अंक पर कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी 57 अंक ऊपर 10864 अंक पर था।

Advertisement

रुझान अब नतीजों में बदल रहे हैं

कर्नाटक विधानसभा चुनावों के लिए वोटों की गिनती चल रही है। रुझान अब नतीजों में बदल रहे हैं, जिनमें भाजपा आगे चल रही है। ताजा जानकारी मिलने तक, भाजपा ने 43 सीटें जीत ली हैं और 63 पर आगे चल रही है। कांग्रेस ने 17 सीटों पर जीत दर्ज की है और 57 पर आगे चल रही है। जेडीएस ने 5 सीटें जीती हैं और 33 सीटों पर आगे हैं।

कांग्रेस के सीएम उम्मीदवार सिद्धारमैया को झटका  

 

वहीं, कांग्रेस के सीएम उम्मीदवार सिद्धारमैया को झटका लगता दिखाई दे रहा है। चामुंडेश्वरी सीट से वह लगभग 20 हजार वोट से पीछे चल रहे हैं। यहां जनता दल सेक्युलर के जीटी देवेगौड़ा ने उन पर बड़ी बढ़त बना ली है। हालांकि बादामी सीट पर उनके और भाजपा के श्रीरामलु के बीच कड़ा मुकाबला चल रहा है। बादामी में वह अभी आगे चल रहे हैं। यहां उनका मुकाबला भाजपा के श्रीरामलु से है।

222 सीटों पर 12 मई को हुआ था मतदान 

राज्य की 224 सदस्यीय विधानसभा की 222 सीटों पर 12 मई को मतदान हुआ था। आरआर नगर सीट पर चुनावी गड़बड़ी की शिकायत के चलते मतदान स्थगित कर दिया गया था। जयनगर सीट पर भाजपा उम्मीदवार के निधन के चलते मतदान टाल दिया गया था।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Sensex, soars 371.84pts, as BJP leads, in Karnataka
OUTLOOK 15 May, 2018
Advertisement