Advertisement
14 May 2020

स्टॉक मार्केट को नहीं भाया राहत पैकेज, सेंसेक्स में 868 अंक और निफ्टी 233 अंक गिरकर बंद

 मोदी सरकार के बीस लाख करोड़ के राहत पैकेज को स्टॉक मार्केट का सपोर्ट नहीं मिला है। पैकेज से निराश सेंसेक्स 542.28 अंक नीचे और निफ्टी 169.6 पॉइंट नीचे खुला। शाम होते-होते सेंसेक्स 868 अंक और निफ्टी 233 अंक गिरकर बंद हुआ। गिरावट से साफ है कि स्टॉक मार्केट को जैसी उम्मीद थी वैसी घोषणाएं बुधवार की शाम को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा घोषित पहले चरण के पैकेज में नहीं दिखी है। पहले चरण के पैकेज में छोटे और मझोले उद्योगों के लिए नकदी बढ़ाने के कुछ कदमों के अलावा मिडिल क्लास से लेकर मजदूर वर्ग, किसान आदि को बड़ी राहत नहीं मिली है। राहत पैकेज के अलावा भारतीय बाजार पर दुनिया के स्टॉक मार्केट में हुई गिरावट का भी असर हुआ है। बुधवार को अमेरिकी बाजार डाउ जोंस 2.17 फीसदी , वहीं एस एंड पी 1.75 फीसदी गिरावट के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स  31,122.89  और निफ्टी 9,150.10 पर बंद हुआ।

 सेंसेक्स के 23 शेयरों में गिरावट

आज के कारोबार में सेंसेक्स 30 के 23 शेयरों में गिरावट रही है. इंफोसिस में 5 फीसदी कमजोरी देखने को मिली है तो टेक महिंद्रा भी 5 फीसदी से ज्यादा कमजोर हुआ। रिलायंस इंडस्ट्रीज में 3 फीसदी से ज्यादा गिरावट रही जबकि एचडीएफसी बैंक और एचडीएफसी दोनों टॉप लूजर्स में हैं। इंडसइंड बैंक, पावरग्रिड में भी गिरावट देखी गई। हीरो माेटोकॉर्प, एलएंडटी, मारुति और अल्ट्राटेक सीमेंट में तेजी देखने को मिली है. निफ्टी पर प्रमुख 11 इंडेक्स में 9 लाल निशान में बंद हुए हैं। एफएमसीजी और फार्मा में हल्की तेजी रही है। इसी तरह निफ्टी में बैंक, आईटी और फाइनेंशियल इंडेक्स में 2 से 3 फीसदी के करीब गिरावट रही और आटो, मेटल और रियल्टी भी कमजोर हुए।

Advertisement

 दुनिया भर के बाजारों में रही गिरावट

बुधवार को दुनिया भर के बाजारों में गिरावट देखने को मिली। अमेरिकी बाजार डाउ जोंस 2.17 फीसदी की गिरावट के साथ 516.81 अंक नीचे 23,248.00 पर बंद हुआ। वहीं, अमेरिका के दूसरे बाजार नैस्डैक 1.55 फीसदी गिरावट के साथ 139.38 अंक नीचे 8,863.17 पर बंद हुआ। दूसरी तरफ, एसएंडपी 1.75 फीसदी गिरावट के साथ 50.12 पॉइंट नीचे 2,820.00 पर बंद हुआ। चीन का शंघाई कम्पोसिट 0.50 फीसदी गिरावट के साथ 14.51 अंक नीचे 2,883.54 पर बंद हुआ था। इधर फ्रांस, जर्मनी, इटली के बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 14 May, 2020
Advertisement