Advertisement
25 February 2018

श्रीदेवी के निधन से गमगीन हुआ बॉलीवुड, जानें किसने क्या कहा

FILE PHOTO

अभिनेत्री श्रीदेवी के असामयिक निधन से भारतीय फिल्म उद्योग सदमे में है। उनके निधन को लेकर बॉलीवुड की गई जानीमानी हस्तियों ने सोशल मीडिया पर अपना शोक व्यक्त किया।  श्रीदेवी (54 वर्ष) का बीती रात दुबई में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। दुबई में वह अपने भतीजे मोहित मारवाह के विवाह समारोह में शामिल होने के लिये गयी थीं।

उनके निधन की खबर मिलने के कुछ ही मिनटों बाद प्रियंका चोपड़ा, सुष्मिता सेन, सिद्धार्थ मल्होत्रा और रितेश देशमुख जैसे कई बॉलीवुड अभिनेताओं ने ट्विटर पर अपनी संवेदना व्यक्त की।

प्रियंका ने लिखा, ‘‘मेरे पास शब्द नहीं हैं। श्रीदेवी से प्यार करने वाले हर शख्स के लिये मेरी संवेदनाएं हैं। दुखद दिन। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।’’

Advertisement

कॉमेडियन जॉनी लीवर ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत अभिनेत्री के परिवार के लिये प्रार्थना की। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘श्रीदेवीजी के (निधन के) बारे में सुनकर सदमे में हूं। यह सुनकर बेहद व्यथित हूं कि श्रीदेवी मैम अब हमारे बीच नहीं रहीं। श्रीदेवीजी ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे।’’

सिद्धार्थ मल्होत्रा ने लिखा, ‘‘श्रीदेवी मैम अब नहीं रहीं, यह सुनकर वाकई में मैं सदमे में और व्यथित हूं। श्रीदेवी, आपकी आत्मा को शांति मिले।’’

अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा ने पोस्ट किया, ‘‘इस खबर को सुनकर दिल टूट गया। अब तक जितने लोगों को मैं जानता हूं उनमें से वह सबसे स्नेहमयी और दयालु थीं। मेरे पास शब्द नहीं हैं। सदमे में हूं। श्रीदेवी की आत्मा को शांति मिले। श्रीदेवी.... यह बिल्कुल ठीक नहीं है! दुख की इस घड़ी में ईश्वर परिवार के सभी लोगों को ताकत दे।’’

रितेश देशमुख ने ट्वीट किया, ‘‘दिल को झकझोर देने वाली खबर... मेरे पास शब्द नहीं हैं। बहुत सदमे में हूं। श्रीदेवीजी अब नहीं रहीं... ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।’’

सुष्मिता सेन ने कहा कि जब से यह दुखद खबर उन्होंने सुनी है तब से वह गमगीन हैं। उन्होंने लिखा, ‘‘मैंने अभी अभी सुना कि दिल का दौरा पड़ने से श्रीदेवी मैम का निधन हो गया। मैं बहुत सदमे में हूं... मेरे आंसू रुक नहीं पा रहे हैं।’’

अभिनेत्री निमरत कौर ने ट्वीट किया, ‘‘श्रीदेवी के निधन के बारे में सुनकर बेहद स्तब्ध हूं। कैसा दुखद पल है यह।’’

टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के आर्टिस्टिक निर्देशक कैमरन बेली ने ट्वीट किया, ‘‘भारत की जानी मानी अभिनेत्री के निधन के बारे में सुनकर स्तब्ध हूं। खुशनसीब और सम्मानित महसूस कर रहा हूं कि वर्ष 2012 में ‘इंग्लिश विंग्लिश’ के लिये टोरंटो आयीं श्रीदेवी का सान्निध्य मिला। अपनी भूमिकाओं से उन्होंने लाखों लोगों के दिलों में जगह बनायी।’’

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Bollywood, mourning, Sridevi's death, know who said
OUTLOOK 25 February, 2018
Advertisement