Advertisement
24 August 2022

मुंबई गोरेगांव फिल्म सिटी में बॉलीवुड थीम पार्क की शुरूआत, पार्क सिनेमाप्रेमियों के लिए एक सौगात

हिन्दुस्तान के नागरिकों के लिए सिनेमा मनोरंजन से बढ़कर दर्जा रखता है। समाज में सिनेमा एक जुनून है, जिंदगी का अहम हिस्सा है। सिनेमा की दीवानगी दर्शकों के सिर पर चढ़कर बोलती है। इसी दीवानगी को बढ़ाने के लिए मुंबई की गोरेगांव फिल्म सिटी में बॉलीवुड थीम पार्क की स्थापना की गई है। इस थीम पार्क में हिन्दी फिल्मों से जुड़ी कई खास और विशेष चीजों को सहेजने का काम किया गया है। थीम पार्क में आने वाले दर्शक इन चीजों के साथ समय बिताकर, कुछ बेहतरीन यादें संजोने का काम करेंगे। 

 

 

Advertisement

 

गोरेगांव फिल्म सिटी में बॉलीवुड थीम पार्क की स्थापना फिल्म सिटी, डी फाइन आर्टस प्राइवेट लिमिटेड और मॉस यूटिलिटी प्राइवेट लिमिटेड के साझा प्रयासों से हुई है। इस थीम पार्क की स्थापना के पीछे दो बड़े उद्देश्य हैं। पहला उद्देश्य है कि युवा हिन्दी सिनेमा को और नजदीक से जानें। उन्हें हिन्दी फिल्मों के सेट्स, कॉस्ट्यूम्स, प्रॉप्स के विषय में जानकारी हो। युवाओं को मालूम हो कि हिंदी सिनेमा ने अपनी 100 वर्षों की यात्रा में सेट डिजाइनिंग, कॉस्ट्यूम्स में किन पड़ावों को पार किया है और किस तरह बॉलीवुड का वर्तमान स्वरूप तैयार हुआ है। इस थीम पार्क का दूसरा उद्देश्य है महाराष्ट्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करना। थीम पार्क की स्थापना के बाद से ही यह स्थान पर्यटकों में खासा लोकप्रिय हुआ है। 

 

 

 

 

 

फिल्म सिटी, डी फाइन आर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड और मॉस यूटिलिटी प्राइवेट लिमिटेड की यह कोशिश बेहद सफल होती दिखाई दे रही है। अप्रैल 2022 में अपनी स्थापना के बाद से हर महीने तकरीबन डेढ़ लाख लोग थीम पार्क में आ रहे हैं और सिनेमाई दुनिया को लेकर रचे गए जादू का लुत्फ उठा रहे हैं। यह पर्यटन की दृष्टि से एक सकारात्मक आंकड़ा है। 

 

 

 

डी फाइन आर्ट्स के निदेशक नरेंद्र राहुरिकर ने थीम पार्क की स्थापना के पीछे की सोच को लेकर कहा “मुंबई, जिसके कण कण में सिनेमा रचा बसा है, वहां बहुत समय से एक सिनेमा पर आधारित पार्क की जरूरत थी। एक ऐसा पार्क, जहां दुनिया भर से सिनेमाप्रेमी आएं और सिनेमा से जुड़ी अपनी यादों को जी सकें। यह जगह फिल्म सिटी से बेहतर नहीं हो सकती थी क्योंकि यही वो जगह है, जहां असलियत में फिल्मों की शूटिंग हुई है। जिन्हें सिनेमा, स्पेशल इफेक्ट्स, एडिटिंग, निर्देशन में रुचि है, उनके लिए यह थीम पार्क वरदान साबित होने जा रहा है “। नरेंद्र कई सफल फिल्मों में बतौर कला निर्देशक काम कर चुके हैं। 

 

6 महीने के समय में विकसित बॉलीवुड थीम पार्क में पर्यटकों के लिए काफी कुछ है। वह हिंदी सिनेमा के सेट डिजाइनिंग प्रारूप, कॉस्ट्यूम्स, प्रॉप्स को लेकर अपनी समझ विकसित कर सकते हैं। थीम पार्क में मौजूद फिल्म से जुड़े सामान के साथ तस्वीरें खिंचाकर पर्यटक, उस लम्हे को एक बार फिर जी सकते हैं, जो उन्होंने फिल्म देखते समय महसूस किया था। थीम पार्क में क्रोमा स्टूडियो भी स्थापित किया गया है, जहां आगंतुक सिनेमाप्रेमी अपनी अभिनय और गायन प्रतिभा प्रदर्शित कर सकते हैं। 

 

 

 

बॉलीवुड थीम पार्क शिक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। जिन लोगों की सिनेमा, निर्देशन, एडिटिंग, कला निर्देशन, स्पेशल इफेक्ट्स में रुचि है, उनके लिए यहां सीखने के लिए काफी कुछ है। इसी बात को ध्यान में रखकर विभिन्न स्कूल और कॉलेज के छात्र छात्राओं का नियमित रूप से थीम पार्क में आगमन हो रहा है। थीम पार्क हर उम्र के लोगों को आकर्षित कर रहा है। थीम पार्क में अभी कई संभावनाएं हैं, जिन पर काम किया जाए तो रोजगार की कई दिशाएं इसी थीम पार्क से जन्म लेंगी। 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Bollywood themed park launched In goregaon film City, Bollywood, Hindi cinema, Entertainment Hindi news, d fine arts
OUTLOOK 24 August, 2022
Advertisement