Advertisement
03 May 2024

आज रिलीज हुई थी भारत की पहली फीचर फिल्म, जानें फिल्म से जुड़ी रोचक बातें

भारतीय सिनेमा 110 वर्षों से अधिक की यात्रा कर चुका है। इन वर्षों में भारतीय सिनेमा ने कई उतार चढ़ाव देखे हैं, नित नई ऊंचाई हासिल की है।3 मई भारतीय सिनेमा के लिए ऐतिहासिक तारीख है। 3 मई 1913 को भारतीय सिनेमा की पहली फीचर फिल्म "राजा हरिश्चंद्र" प्रदर्शित की गई थी। भारतीय सिनेमा के पितामह दादा साहेब फाल्के ने इस फिल्म का निर्माण किया था। 

फिल्म का प्रीमियर 3 मई, 1913 को मुंबई (तब बॉम्बे) के कोरोनेशन सिनेमा में हुआ था। यह बताना रोचक है कि यह फिल्म साइलेंट थी। यानि फिल्म में ध्वनि नहीं थी। भारतीय सिनेमा की पहली बोलती फिल्म "आलमआरा" थी। फिल्म "राजा हरिश्चंद्र" की कहानी प्राचीन भारत के एक प्रसिद्ध शासक राजा हरिश्चंद्र की कहानी बताती है, जो अपनी ईमानदारी और सत्यनिष्ठा के लिए जाने जाते थे। यह फिल्म कठिन विकल्पों और व्यक्तिगत कठिनाइयों का सामना करने पर भी, अपने मूल्यों को बनाए रखने के लिए उनके संघर्षों और बलिदानों को चित्रित करती है।

फिल्म "राजा हरिश्चंद्र" के माध्यम से दादा साहेब फाल्के ने नई तकनीकों और टेक्नोलॉजी का प्रयोग किया, जैसे कि डबल एक्सपोजर और स्पेशल इफेक्ट। राजा हरिश्चंद्र एक लोकप्रिय भारतीय मिथक पर आधारित फिल्म थी और इसने ही दर्शकों को भारतीय कहानियों और संस्कृति से परिचित कराने में मदद की। शुरूआती दौर में सिनेमा में पौराणिक कथाओं को ही प्रदर्शित किया जाता था।

Advertisement

इस फिल्म की सफलता ने कई अन्य लोगों को फिल्म उद्योग में प्रवेश करने के लिए प्रेरित किया।धीरे-धीरे अभिनेताओं, तकनीशियनों और फिल्म निर्माताओं के लिए फिल्म इंडस्ट्री एक नया पेशा बन गई। फिल्म को बनाने में 15 हजार रूपए की राशि लगी थी। उस समय यह बड़ी रकम थी। फिल्म में राजा हरिश्चंद्र का किरदार दत्तात्रेय दामोदर दबके, पुत्र रोहितश्व का किरदार दादा फाल्के के पुत्र भालचंद्र फाल्के जबकि रानी तारामती का किरदार रेस्ट्रारेंट में बावर्ची के रूप में काम करने वाले व्यक्ति अन्ना सालुंके निभाया था। फिल्म के निर्माण के दौरान दादा फाल्के की पत्नी ने उनकी काफी सहायता की। भारत में प्रदर्शित करने के बाद फिल्म को लंदन, कोलंबो और रंगून में भी दिखाया गया। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: First Indian feature film Raja Harishchandra release date 3 may, Hindi cinema, Entertainment Hindi films news, Indian movies, Bollywood,
OUTLOOK 03 May, 2024
Advertisement