Advertisement
26 February 2018

श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को भारत लाने में हो सकती है देर

श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को भारत लाने में हो सकती है देर

दुबई में भारतीय फिल्म उद्योग की प्रसिद्ध अदाकारा श्रीदेवी का निधन हो गया है। उनके मृत शरीर की जांच चल रही है। किसी जहरीले पदार्थ (टॉक्सिकोलॉजी) की आशंका को देखते हुए यह टेस्ट भी किया गया है। उनके पार्थिव शरीर को भारत लाने की तैयारी की जा रही है, लेकिन एएनआई न्यूज एजेंसी ने खबर दी है कि इसमें देर हो सकती है।

एएनआई के अनुसार गल्फ न्यूज के सूत्रों का कहना है कि टॉक्सिकोलॉजी में उनके अंगों और खून का परीक्षण किया गया। इसकी रिपोर्ट आने पर उनकी मृत्यु का सही कारण पता चल सकेगा। इस रिपोर्ट से ही पता चलेगा कि मृत्यु की असली वजह क्या है। फिलहाल इसे हार्ट अटैक ही माना जा रहा है। अभी और जांच चल रही हैं इसका मतलब है कि पार्थिव शरीर को भारत आने में देरी हो सकती है।

हालांकि श्रीदेवी की अचानक मृत्यु के बारे में कार्डिएक अरेस्ट की बात सामने आ रही है लेकिन आधिकारिक रूप से अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। फोरेंसिक रिपोर्ट से ही उनकी मृत्यु की वास्तविक वजह पता चलेगी। इससे पहले भारतीय कॉन्सुलेट के ऑफिसरों ने सूचना दी थी कि सोमवार को दोपहर 1 से 2 बजे (दुबई के समय अनुसार) के बीच पार्थिव शरीर स्वदेश भेजना संभव होगा।

Advertisement

श्रीदेवी बाथरूम में गिरी मिली थीं, जिसके बाद उन्हें दुबई के राशिद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस घटना के बारे में होटल ने कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। इंडियन कॉन्सुलेट के सूत्रों के अनुसार जब उन्हें अस्पताल लाया गया, उनकी मृत्यु हो चुकी थी। 

TAGS: shridevi, dubai, mumbai, श्रीदेवी, दुबई, मुंबई
OUTLOOK 26 February, 2018
Advertisement