Advertisement
21 September 2022

फिल्म "थैंक गॉड"पर बैन लगाने के लिए मध्य प्रदेश के मंत्री ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को लिखा पत्र

बॉलीवुड के लिए मुसीबतें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। एक परेशानी दूर होती नहीं है कि दूसरी समस्या आकर खड़ी हो जाती है। कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है। मध्य प्रदेश सरकार में शिक्षा मंत्री

विश्वास सारंग ने केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर को पत्र लिखकर फिल्म "थैंक गॉड" को बैन करने की मांग की है। विश्वास सारंग का कहना है कि फिल्म में हिंदू देवी देवताओं का अनुचित और अपमानजनक चित्रण है और इस कारण फिल्म को बैन किया जाना चाहिए। हालांकि अभी तक सूचना एवं प्रसारण मंत्री कार्यालय से किसी तरह का आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। 

 

Advertisement

 

फिल्म "थैंक गॉड" में मुख्य भूमिका में अजय देवगन, सिद्धार्थ मल्होत्रा और रकुल प्रीत सिंह नजर आएंगे। फिल्म में अजय देवगन चित्रगुप्त का किरदार निभा रहे हैं, जो प्राणियों के पाप और पुण्य का लेखा जोखा रखते हैं। सिद्धार्थ मल्होत्रा युवक अयान कपूर का किरदार निभा रहे हैं, जो आकस्मिक मृत्यु के कारण यमलोक पहुंचता है और उसकी अजय देवगन यानी चित्रगुप्त से मुलाकात होती है। फिल्म में चित्रगुप्त और यमलोक के चित्रण को लेकर ही हिंदू संगठन आपत्ति जता रहे हैं। इसी बात को लेकर शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने भी नाराजगी जताई है। 

 

 

फिल्म का निर्देशन इंद्रा कुमार ने किया है। भूषण कुमार ने टी सीरीज के बैनर तले फिल्म का निर्माण किया है। थैंक गॉड की कहानी आकाश कौशिक और मधुर शर्मा ने लिखी है। तनिष्क बागची, रोचक कोहली और आनंद राज आनंद का संगीत है। गीत मनोज मुन्तशिर, रश्मि विराग, समीर ने लिखे हैं। फिल्म में अजय देवगन, सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ रकुल प्रीत सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म "थैंक गॉड" 25 अक्टूबर को सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जानी है। देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म किस तरह से बैन और बॉयकॉट के ट्रेंड से बचकर रिलीज होने में सफल होती है। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Thank God, Thank God trailer, Thank God ban, Madhya Pradesh minister vishvas Sarang wrote letter to Anurag Thakur, Ajay Devgan, Siddharth Malhotra, Rakul Preet Singh, Bollywood, Hindi cinema, Entertainment Hindi films news
OUTLOOK 21 September, 2022
Advertisement