Advertisement
05 March 2017

बिन शादी बाप बने करण जौहर

गूगल

 

44 वर्षीय जौहर ने अपनी बेटी का नाम रूही रखा है। उन्होंने बेटे का नाम अपने दिवंगत पिता यश जौहर के नाम पर यश रखा है। जौहर ने एक बयान में कहा, मुझे आप सब को अपने जिंदगी में दो बेहतरीन लोगों- मेरे बच्चों एवं मेरी जीवनरेखाओं- रूही और यश के आगमन के बारे में बताते हुए खुशी हो रही है। मैं चिकित्सा विज्ञान के चमत्कार की मदद से इस दुनिया में आए मेरे दिल के इन टुकड़ों का पिता बनकर स्वयं को बहुत सौभाग्यशाली महसूस कर रहा हूं।

फिल्मकार ने कहा कि यह एक भावनात्मक लेकिन सोच समझकर किया गया फैसला है। जौहर ने कहा, इस निर्णय पर पहुंचने के लिए मैंने स्वयं को मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक रूप से तैयार करने के अलावा हर प्रकार की तैयारी कर ली थी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मेरे बच्चों को मेरा अपार प्रेम, देखभाल और ध्यान मिल सके। मेरे बच्चे ही अब मेरी दुनिया और प्राथमिकता हैं।

Advertisement

उन्होंने कहा कि उनके बच्चों के आने के बाद उनका काम, यात्राओं एवं सामाजिक प्रतिबद्धताओं का महत्व कम हो जाएगा। जौहर ने कहा, भगवान की कृपा से मेरे पास ऐसी मां है जो मेरी बहुत परवाह करती हैं और मेरा साथ देती हैं। वह अपने पोते पोती के पालन पोषण में अहम भूमिका निभाएंगी। इसके अलावा मित्र, जो कि मेरा परिवार हैं, वे भी बच्चों को पालने में मदद करेंगे। उन्होंने उन्हें पिता बनने का सुख देने के लिए इन बच्चों को जन्म देने वाली मां को भी धन्यवाद दिया।

इससे पहले जौहर ने अपनी आत्मकथा ‘एन अनस्युटेबल ब्वाय’ में सरोगेट बच्चे का पिता बनने या बच्चा गोद लेने की इच्छा व्यक्त की थी। अभिनेता तुषार कपूर भी पिछले साल सरोगेसी और आईवीएफ के जरिये एक लड़के के पिता बने थे।

TAGS: करण जौहर, फिल्म निर्माता, सरोगेसी, जुड़वां बच्चों, बाप, शादी
OUTLOOK 05 March, 2017
Advertisement