Advertisement
15 June 2020

सुशांत सिंह राजपूत पंचतंत्व में विलीन, मुंबई के पवन हंस शमशान घाट में किया गया अंतिम संस्कार

FILE PHOTO

बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत का अंतिम संस्कार सोमवार को उपनगरीय स्थित पवन हंस शमशान घाट में कर दिया गया। उनके पिता ने मुखाग्नि दी, जो पटना से यहां पहुंचे थे।  उनका पार्थिव शरीर कूपर अस्पताल से श्मशान घाट लाया गया था। अंतिम विदाई में करीब 20 लोग हुए। रविवार को सुशांत ने बांद्रा स्थित अपने घर पर कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। कहा जा रहा है कि वह पिछले 6 महीने से डिप्रेशन में थे। वह 34 साल के थे। 

बॉलीवुड के कई लोग अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पहुंचे। सुशांत सिंह के साथ काम कर चुकीं एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर और कृति सैनन भी विले पार्ले पहुंची। इसके अलावा कई टीवी कलाकार भी अंतिम विदाई देने के लिए पहुंचे।

सुशांत सिंह राजपूत के आत्महत्या की जानकारी उनके नौकर ने जानकारी पुलिस को दी थी। सुसाइड की वजह क्या है, अभी इस बात की जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सुशांत का कोई सुसाइड नोट न मिलना इस मामले को पेचीदा बनाता है। सुशांत सिंह राजपूत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ चुकी है, जिसमें उनकी मौत दम घुटने से हुई है। हालांकि बताया जा रहा है कि अभी उनकी फॉरेसिंक रिपोर्ट आना बाकी है। वहीं, क्राइम ब्रांच भी लगातार इस मामले पर नजर बनाए हुए है।

Advertisement

अपने करियर की शुरुआत टीवी से की

पटना से आने वाले सुशांत सिंह ने अपने करियर की शुरुआत टीवी से की लेकिन लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा में तब आए थे जब उन्होंने भारतीय टीम के पूर्व कप्तान एम एस धोनी का किरदार निभाया था। सुशांत सिंह राजपूत ने कई मशहूर फिल्मों में अभिनय किया है। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘छिछोरे’ में उनकी एक्टिंग को दर्शकों ने काफी सराहा था। सुशांत ने 'किस देश में है मेरा दिल' नाम के टीवी शो से अपना कैरियर शुरू किया था, लेकिन उन्हें पॉपुलरिटी एकता कपूर के शो 'पवित्र रिश्ता' से मिली। 'काय पोचे' से उन्होंने बॉलीवुड में अपनी शुरुआत की थी।

धोनी की फिल्म से आए थे चर्चा में

सुशांत सिंह को सबसे ज्यादा सुर्खियां तब मिलीं जब उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक में काम किया था। इस फिल्म में उनके काम की जमकर सराहना हुई थी। इसके बाद उन्हें लगातार फिल्में मिलती गई। उनमें से 'सोनचिड़िया', 'छिछोरे' और 'केदारनाथ' जैसी फिल्में प्रमुख हैं।

एक्टिंग के लिए छोड़ दिया कॉलेज

सुशांत सिंह का जन्म बिहार के पटना में 21 जनवरी, 1986 को हुआ था। वो बिहार के ही पूर्णिया जिले के रहने वाले थे। वह अपनी मां के काफी करीब थे लेकिन 2002 में उनके निधन के बाद वह काफी हताश हो गए थे। सुशांत ने दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के एंट्रेस एग्जाम 2003 में ऑल इंडिया में 7वीं रैंक हासिल की थी। मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र थे पर एक्टिंग के लिए थर्ड ईयर में कॉलेज छोड़ दिया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 15 June, 2020
Advertisement