Advertisement
06 January 2017

‘अभिनेता के साथ बहुत अच्छे इंसान भी थे ओमपुरी’

       आज सुबह मुंबई में ओम पुरी के आकस्मिक निधन की सूचना से बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई। खबर मिलते ही उनके साथी कलाकारों और दोस्तों ने सोशल मीडिया पर उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

   मशहूर पटकथा लेखक एवं गीतकार जावेद अख्तर ने कहा कि पुरी बेहतरीन अभिनेता ही नहीं, बल्कि एक शानदार इंसान भी थे। उनका जाना बहुत बड़ी क्षति है। अद्भुत इंसान, शानदार अभिनेता और सत्यजीत रे धारा और हिंदी व्यावसायिक फिल्मों से लेकर अमेरिकी एवं पाकिस्तानी फिल्मों में बेहतरीन अदाकारी करने वाले..पुरी ने हर तरह के किरदार किए।

       ओमपुरी के साथ कई फिल्मों में काम कर चुके अभिनेता अनुमप खेर ने ट्वीट किया, बिस्तर पर उनको शांत देख विश्वास नहीं होता कि ओमपुरी जैसे प्रतिभावन कलाकार अब नहीं रहे। बेहद दुखी और सदमे में हूं।

Advertisement

   महेश भट्ट ने कहा,  अलविदा ओम...। मेरा एक हिस्सा मुझसे जुदा हो गया। मैं कैसे उन भावुक रातों को भूल सकता हूं जो हमने एक साथ सिनेमा और जिंदगी पर बात करते हुए गुजारीं।

   सुजीत सरकार ने ट्वीट किया, भगवान आपकी आत्मा को शांति दे..ओमपुरी। आपके साथ हर बातचीत जिंदगी से भरी थी...हमें आप पर गर्व है।

   मधुर भंडारकर ने लिखा,  यह जानकर काफी दुखी हूं कि एक बेहद प्रतिभाशाली अभिनेता ओमपुरी नहीं रहे। फिल्म जगत को एक बड़ी क्षति। भगवान उनकी आत्मा का शांति दे।

   आन : मैन एट वर्कहेराफेरी, आवारा पागल दीवाना और ओह माय गॉड (ओएमजी) में ओमपुरी के साथ काम कर चुके अक्षय कुमार ने ट्वीट किया, बेहद प्रतिभावान ओमपुरी का निधन सुनकर दुखी हूं। वह कई फिल्मों में मेरे साथ रहे...परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।

   निर्देशक करन जौहर ने ट्वीट किया,  मजबूत कलाकार...मजबूत फिल्मोग्राफी...विशाल प्रतिभा...भगवान उनकी आत्मा को शांति दे...भारतीय सिनेमा ने एक प्रतिभाशाली कलाकार खो दिया।

   प्रियंका चोपड़ा ने लिखा,  एक युग का अंत...विरासत जिंदा रहेगी...भगवान उनकी आत्मा को शांति दे...।

   रितेश ने लिखा, शब्दों में बयां नहीं कर सकता...सदमे में हूं...ओमपुरी जी...। हम आपको हमेशा याद करेंगे। परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। भगवान उनकी आत्मा का शांति दे।

एजेंसी 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: ओमपुरी शोक, बॉलीवुड, फिल्म जगत, बड़ी क्षति, अद्भुत इंसान, सोशल मीडिया
OUTLOOK 06 January, 2017
Advertisement