Advertisement
10 February 2015

राम रहीम पर बनी फिल्म का नाम बदला

गूगल

गुरमीत राम रहीम ऐसे भले ही अपने भक्तों के लिए ईश्वर के दूत हों लेकिन सेंसर बोर्ड ने उन्हें केवल संदेशवाहक तक ही सीमित कर दिया है। लंबे समय से अटकी हुई राम रहीम इंसा की फिल्म एमएसजी द मैसेंजर ऑफ गॉड पर आखिरकार कृपा हो गई है। भले ही यह कृपा ईश्वर की न हो पर ईश्वर के बनाए इंसानों की जरूर है।

हरियाणा के डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख ने एक फिल्म बनाई है, जिसका नाम उन्होंने पहले रखा था, एमएसजी द मैसेंजर ऑफ गॉड। इस फिल्म में प्रमुख भूमिका भी गुरमीत राम रहीम ने ही निभाई है। बाबा ने सलमान खान की तरह इसमें स्टंट किए हैं, गाने गाए हैं और झूम के नाचे भी हैं। एक्शन-इमोशन के बढ़िया तड़के के साथ बाबा अपने भक्त दर्शकों से रूबरू होना चाहते थे, जिस पर सेंसर बोर्ड ने ब्रेक लगा दिया था।

अब तमाम विवादों और रोक के कारणों पर बहस के बाद यह फिल्म 13 फरवरी को नए नाम से प्रदर्शित होगी। इस बार नाम से गॉड शब्द हटा दिया गया है। अब यह फिल्म नए नाम यानी द मैसेंजर के नाम से प्रदर्शित की जाएगी।

Advertisement

इस फिल्म की कुल लागत 13 लाख रुपये आई है और यह मात्र 67 दिनों में पूरी हुई है। यह तो मजे की बात है कि जितने दिनों में यह फिल्म बन कर तैयार हो गई है, उससे ज्यादा दिन तो इस फिल्म को अपने प्रदर्शन के लिए संघर्ष में लग गए हैं। अब देखना यह है कि ईश्वर का यह संदेश दर्शकों तक कैसे पहुंचता है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: गुरमीत राम रहीम, मैसेंजर ऑफ गॉड
OUTLOOK 10 February, 2015
Advertisement