Advertisement
27 August 2018

क्लासिक फिल्मों का गवाह आर के स्टूडियो बन जाएगा बस एक याद

File Photo

हिंदी सिनेमा की कई क्लासिक फिल्मों का गवाह रहा आइकॉनिक आर के स्टूडियो  जल्द ही बस एक याद बनकर रह जाएगा। 1940 में शोमैन राज कपूर ने इस स्‍टूडियो का निमार्ण तब ही करवाया था, जब उन्‍होंने अपनी फिल्‍में बनानी शुरू की थी। 1988 में राजकपूर की मौत के बाद से मुंबई के चेंबूर इलाके में दो एकड़ के एरिया में फैले इस स्टूडियो को उनका परिवार ही चला रहा है लेकिन घटती आमदनी, बढ़ते खर्च और देखरेख में आ रही परेशानियों के चलते कपूर परिवार के लिए इसे बेचना मजबूरी बन गया है। बताया जाता है कि भविष्य में बच्चों के बीच जायदाद को लेकर कानूनी जंग से बचने के लिए भी यह फैसला किया गया है।

अब शूटिंग के लिए कम आते हैं लोग

70 साल पहले बने इस ऐतिहासिक स्टूडियो में पिछले साल 16 सितंबर को ‘सुपर डांसर' के सेट पर आग लग गई थी, जिसके कुछ हिस्से बुरी तरह जल गए थे। उस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ था। एक वजह इस स्टूडियो को बेचने की ये भी है कि आजकल कोई भी इतनी दूर शूटिंग करने के लिए आना नहीं चाहता क्योंकि उन्हें या तो अंधेरी या फिर गोरेगांव में लोकेशन आसानी से मिल जाती है।

Advertisement

व्यवहारिक नहीं था पुननिर्माण

ऋषि कपूर ने स्टूडियो को आधुनिक टेक्नोलॉजी के साथ फिर से तैयार कराने की इच्छा जताई थी। लेकिन उनके बड़े भाई रणधीर कपूर ने कहा कि यह व्यवहारिक नहीं था। रणधीर कपूर ने कहा, हां, ‘हमने आरके स्टूडियो को बेचने का फैसला किया है। यह बिक्री के लिए उपलब्ध है। स्टूडियो में आग लगने के बाद उसे फिर से बनाना व्यवहारिक नहीं था। इसे फिर से बनाना आर्थिक रूप से ठीक नहीं था।'

कई फिल्मों का रहा है गवाह

आरके बैनर के तहत बनी 'आग', ‘बरसात‘, ‘आवारा‘, ‘श्री 420‘, ‘जिस देश में गंगा बहती है‘, ‘मेरा नाम जोकर‘, ‘बॉबी', ‘सत्यम शिव सुंदरम', ‘राम तेरी गंगा मैली' जैसी बनीं फिल्में गवाह रही हैं। आखिरी फिल्म ‘आ अब लौट चलें' थीं जिसे ऋषि कपूर ने निर्देशित किया था। राजकपूर के 1988 में निधन के बाद उनके बड़े पुत्र रणधीर ने स्टूडियो का जिम्मा संभाला। बाद में राजकपूर के सबसे छोटे पुत्र राजीव कपूर ने ‘प्रेम ग्रंथ' का निर्देशन किया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: RK Studio, film, dream, sequence, shot
OUTLOOK 27 August, 2018
Advertisement