Advertisement
12 January 2023

दुनिया भर में अपनी धूम मचाने वाले भारतीय गीत

दक्षिण भारतीय फिल्मों के चर्चित निर्देशक एसएस राजमौली की फिल्म 'आरआरआर' के गीत "नाटू नाटू" को गोल्डन ग्लोब पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इसी के साथ भारतीय गीत का डंका पूरे विश्व में सुनाई दे रहा है। हालांकि यह पहला मौका नहीं है, जब किसी भारतीय गीत को दुनिया भर में प्रसिद्धि मिली है। इससे पहले ऐसे कई गीत रहे हैं, जिन्हें दुनिया ने अपने होंठों पर सजाया है। 

 

 

Advertisement

आवारा हूं

 

निर्देशक राज कपूर की फिल्म 'आवारा' के गीत 'आवारा हूं' को वैश्विक गीत होने का सम्मान मिला। गीतकार शैलेन्द्र के लिखे इस गीत को संगीतकार शंकर जयकिशन ने संगीतबद्ध किया और गायक मुकेश ने आवाज दी। इस गीत ने देश की सीमाएं पार करते हुए नया कीर्तिमान रचा। रूस, चीन, तुर्की, उज़्बेकिस्तान और ग्रीस सहित 15 ऐसे देश हैं, जिन्होंने "आवारा हूं" का अपनी भाषा में अनुवाद कराया। ऐसी दीवानगी किसी और गायक के गीतों को नहीं मिली। 

 

 

जय हो 

 

ब्रिटिश फिल्म निर्देशक डैनी बॉयल की फिल्म स्लमडॉग मिलेनियर के गीत 'जय हो' को विश्व भर में लोकप्रियता मिली। गीतकार गुलजार के लिखे इस गीत को संगीतकार ए आर रहमान ने संगीतबद्ध किया। इस गीत को साल 2009 में सर्वश्रेष्ठ मूल गीत के लिए अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया।  

 

 

 

 

मेरा जूता है जापानी

 

 

निर्देशक राज कपूर की फिल्म श्री 420 के गीत "मेरा जूता है जापानी" ने अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त की। गीतकार शैलेन्द्र का लिखा और संगीतकार शंकर जयकिशन के संगीत से सजा यह गीत सोवियत संघ में बहुत लोकप्रिय हुआ। रूस में जब गायक मुकेश की आवाज गूंजी तो सम्पूर्ण भारतवर्ष ने गौरवान्वित महसूस किया। 

 

 

छम्मा छम्मा 

 

फिल्म निर्देशक राजकुमार संतोषी की फिल्म चाइना गेट के गीत "छम्मा छम्मा" को दुनियाभर में बहुत पसंद किया गया। गीतकार समीर के लिखे इस गीत को संगीतकार अनु मलिक ने संगीतबद्ध किया और गायिका सपना अवस्थी ने आवाज दी। इस गीत की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसे हॉलीवुड फिल्म ' माउलिन रोज' में इस्तेमाल किया गया। 

 

छम्मक छल्लो 

 

फिल्म निर्देशक अनुभव सिन्हा की फिल्म रा वन के गीत "छम्मक छल्लो" को दुनियाभर में बहुत पसंद किया गया। शाहरुख खान की लोकप्रियता और अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गायक एकॉन ने इस गीत को कई देशों में पहुंचा दिया। संगीतकार विशाल शेखर के संगीत से सजे इस गीत पर विश्व भर के लोग थिरकते नजर आए। 

 

नाटू नाटू 

 

दक्षिण भारतीय फिल्म निर्देशक एसएस राजमौली की फिल्म "आरआरआर" के गीत "नाटू नाटू" को साल 2023 में सर्वश्रेष्ठ मूल गीत श्रेणी में अकादमी पुरस्कार मिला। गीतकार चंद्रबोस के लिखे इस गीत को एमएम कीरावनी द्वारा संगीतबद्ध किया गया और काल भैरव और राहुल सिप्लिगुंज ने इस गीत को अपनी आवाज दी। इस गीत ने एक बार फिर भारतीय गीत संगीत का परचम विश्व भर में लहराने का काम किया। 

 

मेरा दिल ये पुकारे आजा

सन 1954 में रिलीज हुई फिल्म नागिन के गीत 'मेरा दिल ये पुकारे आजा' को आज कई दशकों बाद इंटरनेट युग में अचानक अप्रत्याशित लोकप्रियता मिली। आज हर इंस्टाग्राम रील और यूट्यूब शॉर्ट में यही गीत सुनाई दे रहा है। गीतकार राजेंद्र कृष्ण का लिखा और संगीतकार हेमंत कुमार के संगीत से सजा यह गीत आज की युवा पीढ़ी में खासा लोकप्रिय हो गया है। यह स्वर कोकिला लता मंगेशकर की आवाज का जादू है, जो वर्तमान पीढ़ी के दिलों में मिठास घोल रहा है।

 

 

जिमी जिमी जिमी आजा 

 

फिल्म निर्देशक बब्बर सुभाष की फिल्म "डिस्को डांसर" के गीत 'जिमी जिमी जिमी आजा आजा' को चीन में जबरदस्त लोकप्रियता मिली। चीनी सरकार के प्रति विरोध जाहिर करने के लिए चीनी नागरिकों ने गीत 'जिमी जिमी आजा' को इस्तेमाल किया। गीतकार अंजान का लिखा और संगीतकार बप्पी लहरी के संगीत से सजा यह गीत भारत और चीन के नागरिकों के दिलों में बसा हुआ है। 

TAGS: Superhit Hindi songs, natu natu, rrr, disco dancer, chhamak chhalo, awara hun, mera joota hai japani, hindi cinema, Bollywood, Entertainment Hindi films news
OUTLOOK 12 January, 2023
Advertisement