Advertisement
15 June 2020

आज होगा एक्टर सुशांत सिंह राजपूत का अंतिम संस्कार, पटना से मुंबई पहुंच रहा परिवार

 

बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत अब इस दुनिया में नहीं रहे। उन्‍होंने कल यानी रविवार (14 जून को) मुंबई के बांद्रा में अपने फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आज उनका मुंबई में अंतिम संस्कार किया जाएगा। सुशांत का परिवार और उनके कुछ करीबी लोग पटना से मुंबई पहुंच रहे हैं। इससे पहले खबर थी कि उनका पार्थिव शरीर पटना लाया जाएगा। सुशांत के निधन की खबर के बाद  फिल्म इंडस्ट्री ही नहीं बल्कि राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। उनके निधन की खबर पर अक्षय कुमार, अजय देवगन, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शोक जताते हुए इसे अपूरणीय क्षति बताया है।

 

Advertisement

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह फिल्म जगत के साथ साथ समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। बता दें कि 34 वर्षीय अभिनेता को रविवार को मुंबई के बांद्रा स्थित उनके अपार्टमेंट में फांसी पर लटका पाया गया था।

 

आज जारी किए एक शोक संदेश में मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा कि सुशांत सिंह राजपूत के निधन से हुई क्षति को पूरा नहीं किया जा सकता। उल्लेखनीय है कि सुशांत सिंह राजपूत मुख्यमंत्री कार्यालय में स्पेशल ऑफिसर (कम्यूनिटी पुलिसिंग और आउटरीच) ओपी सिंह, आईपीएस, की पत्नी के भाई थे। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

हम इस मामले की जांच की भी मांग करेंगे: रिश्तेदार

सुशांत सिंह राजपूत के रिश्तेदार बीजेपी एमएलए नीरज कुमार सिंह बबलू ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, ‘हम अभी मुंबई के लिए निकल रहे हैं। वहीं सुशांत को अंतिम विदाई दी जाएगी। हमें अब तक यकीन नहीं हो रहा है कि सुशांत नहीं रहा। अगर जरूरत पड़ी तो हम इस मामले की जांच की भी मांग करेंगे।

सुशांत ने रविवार कर ली थी आत्महत्या

बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने रविवार को आत्महत्या कर ली थी। उनके नौकर ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सुसाइड की वजह क्या है अभी इस बात की जानकारी नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सुशांत का कोई सुसाइड नोट न मिलना इस मामले को पेचीदा बनाता है। सुशांत सिंह राजपूत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ चुकी है, जिसमें उनकी मौत दमघुटने से हुई है। हालांकि बताया जा रहा है कि अभी उनका फॉरेसिंक रिपोर्ट आना बाकी है। वहीं क्राइम ब्रांच भी लगातार इस मामले पर नजर बनाए हुए है।

 

अपने करियर की शुरुआत टीवी से की

 

पटना से आने वाले सुशांत सिंह ने अपने करियर की शुरुआत टीवी से की लेकिन लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा में तब आए थे जब उन्होंने भारतीय टीम के पूर्व कप्तान एम एस धोनी का किरदार निभाया था। सुशांत सिंह राजपूत ने कई मशहूर फिल्मों में अभिनय किया है। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘छिछोरे’ में उनकी एक्टिंग को दर्शकों ने काफी सराहा था। सुशांत ने 'किस देश में है मेरा दिल' नाम के टीवी शो से अपना कैरियर शुरू किया था, लेकिन उन्हें पॉपुलरिटी एकता कपूर के शो 'पवित्र रिश्ता' से मिली। 'काय पोचे' से उन्होंने बॉलीवुड में अपनी शुरुआत की थी।

 

धोनी की फिल्म से आए थे चर्चा में

 

सुशांत सिंह को सबसे ज्यादा सुर्खियां तब मिलीं जब उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक में काम किया था। इस फिल्म में उनके काम की जमकर सराहना हुई थी। इसके बाद उन्हें लगातार फिल्में मिलती गई। उनमें से 'सोनचिड़िया', 'छिछोरे' और 'केदारनाथ' जैसी फिल्में प्रमुख हैं।

 

एक्टिंग के लिए छोड़ दिया कॉलेज

 

सुशांत सिंह का जन्म बिहार के पटना में 21 जनवरी, 1986 को हुआ था। वो बिहार के ही पूर्णिया जिले के रहने वाले थे। वह अपनी मां के काफी करीब थे लेकिन 2002 में उनके निधन के बाद वह काफी हताश हो गए थे। सुशांत ने दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के एंट्रेस एग्जाम 2003 में ऑल इंडिया में 7वीं रैंक हासिल की थी। मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र थे पर एक्टिंग के लिए थर्ड ईयर में कॉलेज छोड़ दिया था।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Sushant Singh Rajput, family members, leave, for Mumbai, perform, his last rites, in Patna.
OUTLOOK 15 June, 2020
Advertisement