Advertisement
11 March 2023

उर्फी जावेद से लेकर अंजली अरोड़ा, जाने पैपराजी के चर्चित चेहरे कौन ?

हिन्दी फिल्म इंडस्ट्री को मायानगरी यूं ही नहीं कहा जाता। यहां माया ही सर्वोपरि है। आज हिन्दी सिनेमा और मनोरंजन जगत से जुड़ी ऐसी कई महिलाएं हैं, जो किसी भी तरह से सार्थक सिनेमा का हिस्सा नहीं हैं, जिनकी न कोई फिल्म रिलीज होती है और न ही उनका अभिनय किसी को अपील करता है मगर केवल अपने पहनावे, बयानबाजी के कारण यह पत्रकारों की पहली पसंद हैं। पत्रकारों का कैमरा उन्हें ही ढूंढता रहता है। टीआरपी, व्यूज और हिट्स की दौड़ इन्हीं महिला कलाकारों से शुरु होकर इन्हीं पर खत्म होती है। आइए डालते हैं इनके जीवन पर एक नजर। 

 

 

Advertisement

उर्फी जावेद

उर्फी जावेद भारतीय टेलीविजन जगत का एक चर्चित नाम है। इन्होंने सोनी टीवी, स्टार प्लस के लोकप्रिय धारावाहिकों में काम किया है। उर्फी जावेद को एमटीवी स्प्लिट्सविला सीजन 14 से अधिक लोकप्रियता मिली, जब इनका व्यवहार लोगों के सामने आया। उर्फी जावेद अपने पहनावे और बयान के कारण पत्रकारों के कैमरे को पसन्द आती हैं। मुंबई की सड़कों पर जहां तहां कैमरा उर्फी जावेद को खोज लेता है। 

 

 

अंजलि अरोड़ा

 

 

टिकटॉक के वायरल वीडियो कच्चा बादाम पर रील बनाकर सुर्खियों में आईं अंजलि अरोड़ा पंजाबी म्यूजिक एल्बम में नजर आती रहती हैं। लॉक अप रियलिटी शो से अंजलि अरोड़ा की पहचान भारतीय जनमानस के बीच बनी। सारेगामा के म्यूजिक विडियोज में भी नजर आने वाली अंजलि अरोड़ा विभिन्न कार्यक्रमों में जब शामिल होती हैं तो पत्रकारों का कैमरा उन्हीं को खोजता रहता है। 

 

मलाइका अरोड़ा

 

मलाइका अरोड़ा पिछ्ले दो दशक से हिन्दी फिल्मों में अपनी विशेष डांस परफॉर्मेंस के लिए जानी जाती हैं। उन्हें शाहरुख खान के साथ छैंया छैंया और सलमान खान के साथ मुन्नी बदनाम गीत के लिए पहचाना जाता है। इसी के साथ मलाइका अरोड़ा विभिन्न टीवी रियलिटी शोज में निर्णायक की भूमिका में नजर आती हैं। पत्रकारों का कैमरा इनका पीछा योगा क्लासेज, एयरपोर्ट पर करता है। पत्रकारों की रुचि मलाइका अरोड़ा की लव लाइफ जानने में रहती है और इसी से वह मसालेदार खबरें बनाते हैं। 

 

 

राखी सावंत

 

हिन्दी सिनेमा में आइटम नंबर पर डांस करने के लिए लोकप्रिय राखी सावंत काफी विवादास्पद रही हैं। उनके बयान हमेशा ही सुर्खियों में रहते हैं। चाहे बिग बॉस, राखी का स्वयंवर जैसे रियलिटी शो हों या फिर चुनाव लड़ने को लेकर बयानबाजी, राखी सावंत हमेशा ही वीडियो पत्रकारों को मसालेदार कॉन्टेंट देकर जाती हैं। इन्हें जिम, कॉरपोरेट इवेंट, एयरपोर्ट पर देखते ही पत्रकारों के चेहरे खिल उठते हैं।

 

पूनम पांडे

 

 

पूनम पांडे हिन्दी सिनेमा में अपने बोल्ड अवतार के लिए जानी जाती हैं। उनके सोशल मीडिया पोस्ट और फोटोज खूब वायरल होते हैं। पूनम पांडे अक्सर विवादास्पद बयान देती रहती हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के जीतने पर निर्वस्त्र होने की बात करने वाली पूनम पांडे चाहे सिनेमा, टीवी की दुनिया से दूर रहें मगर जब भी किसी इवेंट, जिम, योगा क्लास, एयरपोर्ट पर वह नजर आती हैं तो पत्रकारों में उत्सुकता पैदा हो जाती है। 

 

 

अनन्या पांडे 

 

अभिनेता चंकी पांडे की बेटी अनन्या पांडे अक्सर नेपोटिज्म के कारण ट्रोल्स के निशाने पर रहती हैं। उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास नहीं कर पाई हैं मगर उनकी छवि ऐसी बन चुकी है कि दर्शक और मीडिया के लोग उन्हें नजरअंदाज नहीं कर पाते हैं। अनन्या पांडे की बातों में गहराई और गंभीरता नहीं होती इसलिए उनके बयान वायरल हो जाते हैं, जिससे उनकी सोशल मीडिया पर खूब खिंचाई होती है। इसी कारण पत्रकार योगा क्लास, एयरपोर्ट, इवेंट्स पर उन्हें ही फॉलो करते हैं। 

 

 

जान्हवी कपूर

 

श्रीदेवी और बोनी कपूर की बेटी जान्हवी कपूर वर्तमान समय में हिन्दी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री हैं। शुरुआत में कुछ कमजोर फ़िल्में करने के बाद अब जान्हवी कपूर सशक्त और सार्थक अभिनय की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। जान्हवी कपूर जब भी जिम, बैंक, इवेंट्स, एयरपोर्ट पर नजर आती हैं तो पत्रकारों का कैमरा उन्हें फॉलो करता है। 

 

सारा अली खान

 

सैफ अली खान और अमृता सिंह की बेटी सारा अली खान अपने बिंदास अंदाज के लिए जानी जाती हैं। उनकी फिल्मों ने अभी ठीक ठाक प्रदर्शन किया है। लेकिन कॉफी विद करण जैसे टीवी शोज में अपने बयान से सारा अली खान खूब चर्चित हुई हैं। उनका नाम उनके साथी पुरुष कलाकारों से जोड़कर देखा जाता रहा है। सभी की रुचि उनकी निजी जिंदगी में है इसलिए पत्रकार मौके की ताक में रहते हैं कि कब सारा अली खान कुछ सनसनीखेज खबर दें।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Urfi javed, Bollywood, Hindi cinema, Entertainment Hindi films news, art and entertainment, Indian movies, Anjali Arora,
OUTLOOK 11 March, 2023
Advertisement