Advertisement
14 May 2024

सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी का मामला: लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार

अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर पिछले महीने हुई गोलीबारी के सिलसिले में मुंबई पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान 34 वर्षीय हरपाल सिंह के रूप में हुई है। वह हरियाणा के फतेहाबाद का निवासी है। मुंबई अपराध शाखा की एक टीम ने सोमवार शाम को आरोपी को उसके गृहनगर से गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि सिंह को मंगलवार तड़के मुंबई लाया गया और उसे आज अदालत में पेश किया जाएगा। मुंबई पुलिस ने अब तक इस मामले में कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

शहर में बांद्रा इलाके के गैलेक्सी अपार्टमेंट में स्थित सलमान खान के आवास के बाहर 14 अप्रैल को दो मोटरसाइकिल सवार लोगों ने गोली चलाई और फिर मौके से फरार हो गए थे।

Advertisement

अधिकारी ने बताया कि बिश्नोई गिरोह के एक अन्य सदस्य और आरोपी मोहम्मद रफीक चौधरी ने पूछताछ के दौरान इस मामले में सिंह की संलिप्तता को उजागर किया था।

पुलिस ने रफीक चौधरी को इस महीने की शुरुआत में गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बताया कि सिंह ने चौधरी को सलमान खान के आवास के आसपास ‘रेकी’ करने के लिए कहा था और इस काम के लिए उसे दो से तीन लाख रुपये भी दिए थे।

वर्तमान में गुजरात के अहमदाबाद में साबरमती केंद्रीय कारागार में बंद लॉरेंस बिश्नोई और उसके छोटे भाई अनमोल बिश्नोई का नाम गोलीबारी मामले में सामने आया है। माना जा रहा है कि अनमोल अमेरिका या कनाडा में है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Firing case outside Salman Khan's house, Another member, Lawrence Bishnoi gang, arrested
OUTLOOK 14 May, 2024
Advertisement