Advertisement
30 November 2018

कपूर फैमिली के लिए गुड न्यूज, राज कपूर की पैतृक हवेली को म्यूजियम बनाएगी पाकिस्तान सरकार

File Photo

पाकिस्तान के पेशावर में स्थित बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार पृथ्वीराज कपूर के पैतृक घर को पाकिस्तान की सरकार ने म्यूजियम में बदलने का फैसला किया है। पाकिस्तान सरकार ने कहा है कि किस्सा ख्वानी बाजार में मौजूद कपूर खानदान के पैतृक घर को वह म्यूजियम में तब्दील करेगी। पृथ्वीराज कपूर को हिंदी सिनेमा में अभिनय का पिता कहा जाता है। उनका जन्म साल 1906 में पाकिस्तान के पेशावर के किस्सा ख्वानी बाजार में हुआ था।

पृथ्वीराज कपूर के पैतृक घर को म्यूजियम में बनाने का फैसला किया है

हाल ही में भारतीय मीडिया से बातचीत करते हुए पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने बताया कि उनकी सरकार ने अपने देश में भारतीय सिनेमा के दिग्गज कलाकार पृथ्वीराज कपूर के पैतृक घर को म्यूजियम में बनाने का फैसला किया है।

Advertisement

महमूद कुरैशी ने बताया कि बीते कुछ समय से बॉलीवुड कलाकार ऋषि कपूर पाकिस्तान के किस्सा ख्वानी बाजार स्थित अपने पैतृक घर को म्यूजियम में तब्दील करने की मांग कर रहे थे। उन्होंने भारतीय मीडिया से बात करते हुए कहा कि जाओ ऋषि कपूर को बोल दो कि पाकिस्तान सरकार ने उनकी बात मान ली है।

पेशावर के इतिहास और विरासत को संरक्षित करने के लिए पीएम बहुत उत्सुक थे

न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, पाक पीएम इमरान खान के राजनीतिक मामलों के विशेष सचिव नीमुल हक ने कहा कि पेशावर के इतिहास और विरासत को संरक्षित करने के लिए पीएम बहुत उत्सुक थे। इन स्थानों को अपनी पहचान दिलाने में उन्हें विशेष रुचि है। ऋषि कपूर के अनुरोध को सकारात्मक तौर पर लिया गया है।

घर के संबंध में पाक गृह मंत्री शहरयार ने ही ऋषि कपूर से बात की थी

पाक गृह मंत्री शहरयार खान आफरीदी ने कहा कि घर के संबंध में उन्होंने ही ऋषि कपूर से बात की थी, यह बात 2016 में जयपुर में हुई थी। उस वक्त आफरीदी सांसद थे और इमरान खान की पार्टी विपक्ष में थी। आफरीदी ने बताया कि ऋषि ने उनसे अपने घर को म्यूजियम में तब्दील करने के लिए कहा था इसलिए अब इस दिशा में काम किया जा रहा है। 

पृथ्वीराज कपूर और उनके बेटे राज कपूर का जन्म इस हवेली में हुआ था

गौरतलब है कि कलाकार पृथ्वीराज कपूर के पिता बशेश्वरनाथ कपूर ने पेशावर के किस्सा ख्वानी बाजार में यह हवेली बनाई थी। बताया जाता है कि पृथ्वीराज कपूर और उनके बेटे राज कपूर का जन्म इस हवेली में हुआ था। साल 1947 में बंटवारे के बाद कपूर खानदान भारत आ गया। इसके बाद हवेली का हस्तांतरण होता गया। 60 कमरों वाली पांच मंजिला यह हवेली अब जर्जर हालत में है।

पृथ्वीराज कपूर ने बॉलीवुड को कई शानदार फिल्में दी हैं

पर्दे पर शहंशाह अकबर का किरदार निभाने वाले पृथ्वीराज कपूर ने बॉलीवुड को कई शानदार फिल्में दी हैं। कपूर खानदान से पृथ्वीराज कपूर ने ही सिनेमा में एक्टिंग की नींव डाली थी। इन्होंने हिंदी सिनेमा को पहली बोलती फिल्म दी थी।

पृथ्वीराज कपूर ने पेशावर के एक थिएटर ग्रुप से की थी एक्टिंग की शुरुआत

पृथ्वीराज कपूर ने एक्टिंग की शुरुआत पेशावर के एक थिएटर ग्रुप से की थी। 1929 में पृथ्वीराज कपूर बुआ से कुछ पैसे उधार लेकर बॉम्बे आ गए थे। बॉम्बे आकर पृथ्वीराज कपूर ने एक्टिंग के लिए इम्पीरियल थिएटर ज्वाइन किया। एक्टर बनने की चाहत रखने वाले पृथ्वीराज कपूर ने 24 साल की उम्र में जवानी से बुढ़ापे तक की भूमिका निभाकर अभिनय की मिसाल पेश की।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Pakistan, convert, Rishi Kapoor's house, Peshawar, into museum
OUTLOOK 30 November, 2018
Advertisement