Advertisement
26 February 2018

मुंबई लाया जाएगा श्रीदेवी का पार्थिव शरीर, आज होगा अंतिम संस्कार

File Photo

बॉलीवुड की चांदनी यानी श्रीदेवी के निधन के बाद पूरे देश में शोक की लहर है। आज दुबई से उनके पार्थिव शरीर को मुंबई लाया जाएगा। फिलहाल कुछ कागजी प्रक्रियाओं की वजह से अभी तक उनका पार्थिव शरीर उनके परिजनों को नहीं मिला है। इसके अलावा एनओसी मिलना भी बाकी है।

जानकारी के मुताबिक, कागजी प्रक्रियाओं के बाद आज दोपहर 12 के बाद श्रीदेवी का पार्थिव शरीर मुंबई भेजा जाएगा। श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को दुबई से लाने के लिए देश के बड़े उद्योगपतियों में शुमार अनिल अंबानी का प्राइवेट जेट दुबई भेजा गया है। वहीं, मुंबई के वर्सोवा स्थित उनके बंगले पर अंतिम दर्शन को रिश्तेदार, दोस्त, फिल्मी जगत की सभी हस्तियां और फैंस पहुंचने लगे हैं।

 

Advertisement



 

लेबोरेटरी रिपोर्ट का इंतजार

दुबई में रविवार देर शाम पोस्टमार्टम पूरा हो गया। खलीज टाइम्स की खबर के मुताबिक, यूएई के अधिकारियों ने बताया है कि श्रीदेवी का परिवार पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद जनरल डिपार्टमेंट ऑफ फॉरेंसिक एविडेंस की तरफ से की गई लेबोरेटरी रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। सारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद श्रीदेवी का शव आज उनके परिवार को सौंपा जाएगा।

खलीज टाइम्स ने बताया है कि जिस अस्पताल में श्रीदेवी का पोस्टमॉर्टम हो रहा है उसके बाहर उनके फैंस की भीड़ जमा हो गई है, ये श्रीदेवी के शव का बाहर आने का इंतजार कर रहे हैं ताकि वो अपनी पसंदीदा स्टार को श्रंद्धाजलि दे सकें।

 

बॉलीवुड में शोक की लहर

श्रीदेवी की इस तरह अचानक मौत से बॉलीवुड में शोक की लहर है। महज 54 साल की उम्र में श्रीदेवी की अचानक मौत से बॉलीवुड भी सन्न है। बॉलीवुड की ‘चांदनी’ की मौत की खबर सुनकर रविवार सुबह से ही उनके घर के बाहर उनके फैंस की भीड़ है। वहीं, फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग भी उनके घर पहुंच रहे हैं। करण जौहर भी श्रीदेवी के घर पर नजर आए।

 

अमर सिंह भी श्रीदेवी के घर पहुंचे। दुबई में जिस शादी में श्रीदेवी और उनका परिवार गया था। बताया जा रहा है कि वहां अमर सिंह भी गए थे, लेकिन वो शादी के दूसरे दिन ही लौट आए थे और श्रीदेवी अपने परिवार के साथ वहां रुक गई थीं।

 

श्रीदेवी के घर पहुंचे अनुपम खेर ने कहा, मुझे अभी भी विश्वास नहीं हो रहा है। वो हमेशा याद की जाएंगी। देश ने एक बड़े स्टार को खो दिया है।  

श्रीदेवी को उस दौर की अभिनेत्री माना जाता है जब सिनेमा हाल सिर्फ शहरों में होते थे और गांवों में लोग वीसीआर में फिल्में देखते थे। जब भी कोई खास मौका होता लोग गांवों में वीसीआर लगवाते। उस दौर में नगीना, मिस्टर इंडिया, लम्हे जैसी तमाम फिल्में दर्शकों के सिर पर चढ़कर बोल रही थीं। हर कोई श्रीदेवी की अदा का ‌दीवाना था और युवा अपनी गर्लफ्रेंड में श्रीदेवी को ही देखते थे। फिल्म निगाहें में श्रीदेवी का लंबा कुर्ता और खुले बाल वाला अंदाज आज भी लोगों के जहन में है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Sridevi's body, is being taken to Mumbai, Fans are, gathered, before her, house
OUTLOOK 26 February, 2018
Advertisement