Advertisement
27 March 2020

लॉकडाउन के बीच दूरदर्शन पर फिर से होगा 'रामायण' का प्रसारण, ये रहा शेड्यूल

FILE PHOTO

लॉकडाउन की वजह से अगर आप घर में बैठै-बैठे ऊब गए हैं और सारी वेब सीरीज भी खत्म हो चुकी हैं और समय काटने लिए अब आपको कोई और साधन नहीं दिख रहा है तो टेंशन मत लीजिए...सरकार ने आपके एंटरटेनमेंट और वक्त गुजारने के लिए 'रामबाण' छोड़ दिया है यानी   आपके लिए सरकार एक अच्छी खबर लाई है। 80 के दशक का मशहूर टीवी धारावाहिक रामायण का प्रसारण एक बार फिर से दूरदर्शन पर कल से यानी शनिवार से शुरू हो रहा है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने आज बताया कि जनता की मांग पर शनिवार 28 मार्च से 'रामायण' का प्रसारण फिर से दूरदर्शन के नेशनल चैनल पर शुरू होगा। उन्होंने कहा कि पहला एपिसोड सुबह 9.00 बजे और दूसरा एपिसोड रात 9.00 बजे होगा। यही नहीं, सरकार बी आर चोपड़ा के मशहूर सीरियल 'महाभारत' को भी फिर से प्रसारित करने की संभावना तलाश रही है।

'रामायण' का प्रसारण साल 1987 में पहली बार

रामानंद सागर कृत 'रामायण' का प्रसारण साल 1987 में पहली बार और बीआर चोपड़ा की 'महाभारत' का प्रसारण साल 1988 में पहली बार दूरदर्शन पर हुआ था।

Advertisement

जनता की मांग पर दोबारा होगा प्रसारण

दरअसल, लॉकडाउन की घोषणा के बाद से ही सोशल मीडिया पर 'रामायण' और 'महाभारत' को दूरदर्शन पर फिर से प्रसारित किए जाने की मांग लोग कर रहे थे और प्रसार भारती एवं सूचना प्रसारण मंत्री को टैग कर रहे थे। इसके बाद प्रसार भारती के सीईओ शशि शेखर ने कहा है कि जिन लोगों के पास 'रामायण' और 'महाभारत' के राइट्स हैं, उनके साथ बातचीत चल रही है। इस बारे में शीघ्र ही सूचना दी जाएगी। इसी बीच उन्होंने यह भी बताया है कि आज शाम यानी 26 मार्च को शाम तक वह दोनों सीरियलों के टेलीकास्ट टाइम और शेड्यूल के बारे में पूरी जानकारी दे देंगे। इसके बाद शुक्रवार सुबह केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने खुद रामायण के प्रसारण की जानकारी सोशल मीडिया पर दी।

प्रसारण के समय सड़कें हो जाती थीं सुनसान

80 के दशक के उतरार्ध और 90 के दशक की शुरुआत में दूरदर्शन पर 'रामायण' और 'महाभारत' का ऐसा जलवा था कि इनके प्रसारण के समय सड़कें सुनसान हो जाती थीं।  इनके प्रसारण के समय बाहर सड़कों का माहौल ऐसा होता था कि मानो कर्फ्यू लग गया हो। दोनों धारावाहिक भारतीय टीवी जगत के सबसे सफल सीरियल्स माने जाते हैं। 55 देशों में साढ़े छह करोड़ से ज्यादा दर्शकों ने देखा था। इनके पात्रों की लोकप्रियता का आलम यह था कि रामायण में राम और सीता का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया के फोटो लोग घरों में राम-सीता के तौर पर लगाने लगे थे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: telecast, 'Ramayana', start again, Doordarshan, national channel, from Saturday, 28 March, public demand
OUTLOOK 27 March, 2020
Advertisement