Advertisement
12 July 2019

सोनाक्षी सिन्हा के खिलाफ धारा 420, 406 के तहत धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज, जानें क्या है मामला

File Photo

बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा सहित पांच लोगों के खिलाफ उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में दर्ज 24 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया है। इस मामले में गुरुवार को पुलिस मुंबई में सोनाक्षी के बंगले पर भी पहुंची लेकिन वहां वह नहीं मिलीं।

दरअसल, धोखाधड़ी के मामले में पुलिस सोनाक्षी के घर उनका बयान लेने पहुंची थी। अब पुलिस शुक्रवार को यानी आज सोनाक्षी का बयान लेने उनके घर दोबारा जा सकती है। बता दें कि सोनाक्षी के खिलाफ पूर्व में मुरादाबाद के निवासी प्रमोद शर्मा की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया था।

हालांकि सोनाक्षी सिन्हा के मैनेजमेंट का कहना है कि एक्ट्रेस के खिलाफ लगाए गए सभी आरोप गलत हैं और ये सब उनकी छवि को खराब करने के लिए किया जा रहा है।

Advertisement

सोनाक्षी सिन्‍हा के खिलाफ 24 नवंबर को दर्ज की गई थी शिकायत

पुलिस के मुताबिक, मुरादाबाद में कटघर इलाके के शिवपुरी गांव निवासी प्रमोद शर्मा ने बीते 24 नवंबर को मुरादाबाद के एसएसपी (SSP) से सोनाक्षी सिन्‍हा के खिलाफ शिकायत दर्ज की थी। प्रमोद के मुताबिक, उन्‍होंने दिल्ली में 30 सितंबर को इंडिया फैशन ऐंड ब्यूटी अवार्ड कार्यक्रम का आयोजन किया था। इसमें अवार्ड बांटने के लिए सोनाक्षी को आना था।

खाते में डाले थे 24 लाख रुपये

प्रमोद ने इसके लिए टैलेंट फुल ऑन कंपनी से करार किया था। प्रमोद का दावा है कि सोनाक्षी की निजी सचिव मालविका पंजाबी से बातचीत के बाद उन्‍होंने उनके खाते में फीस के पैसे ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए थे, पर ऐन वक्‍त पर सोनाक्षी ने कार्यक्रम में आने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस में इसकी शिकायत की गई।

आत्महत्या की कोशिश के बाद दर्ज हुआ था केस

आरोप है कि शिवपुरी निवासी प्रमोद शर्मा ने एक प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग की थी, लेकिन जांच कर रहे क्षेत्राधिकारी टाल-मटोल करते रहे। इसके बाद उसने 13 फरवरी को जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उसके इस कदम के बाद थाना कटघर में धारा 420,120 बी, 406, 34 आईपीसी में एफआईआर दर्ज की गई।

कोर्ट ने गिरफ्तारी पर लगाई रोक

एफआईआर में सोनाक्षी सिन्हा, अभिषेक सिन्हा, मालविका पंजाबी, धूमिल कक्कड़, एडगर सकारिया को नामजद आरोपी बनाया गया था। इस एफआईआर को हाई कोर्ट में चुनौती दी गई थी, जिसके बाद कोर्ट ने सोनाक्षी की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी।

अपनी फिल्म ‘खानदानी शफाखाना’ को लेकर चर्चा में सोनाक्षी

वर्कफ्रंट की बात करें तो सोनाक्षी सिन्हा फिल्म कलंक में नजर आई थी। इस फिल्म में वरुण धवन, आलिया भट्ट, संजय दत्त, माधुरी दीक्षित और आदित्य रॉय कपूर जैसे सितारे नज़र आए थे। इसके अलावा सोनाक्षी अपनी फिल्म ‘खानदानी शफाखाना’ को लेकर चर्चा में हैं। सोनाक्षी का इस फिल्म में काफी अलग किरदार है और वे इस फिल्म में सेक्स क्लीनिक चलाते हुए नज़र आएंगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: UP Police, Case registered, against Actress Sonakshi Sinha, under sections, 420 (cheating), 406 of IPC, In 2018
OUTLOOK 12 July, 2019
Advertisement