Advertisement
03 September 2021

अलविदा सिद्धार्थ शुक्ला: अभिनेता का हुआ अंतिम संस्कार, कई हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि

अलविदा सिद्धार्थ शुक्ला: अभिनेता का हुआ अंतिम संस्कार, कई हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि | एएनआई

जाने माने अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला के पार्थिव शरीर का आज मुंबई के ओशिवारा शमशान घाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया है। ब्रम्हाकुमारी रीति-रिवाज के साथ सिद्धार्थ को अंतिम विदाई दी गई। उनके अंतिम संस्कार के लिए श्मशान भूमि के बाहर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठी हुई। सिद्धार्थ शुक्ला के अंतिम संस्कार के लिए उनकी मां रीता शुक्ला और उनकी बहन सहित कई सेलेब्स और परिवार के सदस्य मौजूद रहे।


वहीं अभिनेता की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अंतिम संस्कार के बाद भी बारिश के बीच कई फैंस अपने फेवरेट स्टार सिद्धार्थ शुक्ला की एक झलक के लिए श्मशान घाट के गेट के बाहर खड़े दिखे, जिसपर काबू पाने के लिए पुलिस को काफी मसक्कत करनी पड़ी।

सिद्धार्थ शुक्ला के अंतिम दर्शन के लिए केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले, गुरमीत चौधरी, विकास गुप्ता, राहुल महाजन, दिव्यांका त्रिपाठी दहिया, शाहनाज गिल सहित कई फिल्मी हस्तियां उनके अंतिम संस्कार के दौरान उपस्थित रही। 

Advertisement

पुलिस की जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह तीन-साढ़े तीन बजे सिद्धार्थ उठे थे। उन्होंने अपनी मां को सीने में दर्द की बात बताई थी। मां ने उस वक्त उन्हें पानी पिला दिया और सोने को कह दिया। जब सुबह उनकी नींद नहीं खुली तो परिवार वाले उन्हें साढ़े दस बजे कूपर अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि शव को रात को पोस्टमार्टम सेंटर में रखा गया और आज सुबह उनके परिवार को सौंप दिया जाएगा। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट आज मिलने की उम्मीद है।

बता दें कि सिद्धार्थ शुक्ला के करियर की शुरुआत एक मॉडल के तौर पर की थी। सही मायनों में उन्हें कलर्स पर 'बालिका वधु' जैसे सुपरहिट शो में काम करने के लिए जाना जाता है। उस टीवी सीरियल में सिद्धार्थ को बहुत पॉपुलैरिटी मिली थी। उसके बाद उन्होंने अपने जीवन में कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। बालिका वधु के बाद वे 'दिल से दिल' तक सीरियल में नजर आए। टीवी के अलावा उन्हें बॉलीवुड में भी काम करने का मौका मिला था। उन्होंने 'हम्टी शर्मा की दुल्हनियां' में भी किरदार निभाया था। वह 'बिग बॉस 13' के विनर भी रह चुके हैं। सिद्धार्थ के निधन की खबर से उनके फैंस को गहरा दुख हुआ है। बहुत कम उम्र में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया।

TAGS: सिद्धार्थ शुक्ला, सिद्धार्थ का अंतिम संस्कार, ओशिवारा शमशान घाट, Siddharth Shukla, Siddharths funeral, Oshiwara cremation ground, ब्रम्हाकुमारी रीति रिवाज
OUTLOOK 03 September, 2021
Advertisement