Advertisement
12 June 2025

एयर इंडिया क्रैश: विजय रूपाणी भी विमान में थे सवार, पूर्व सीएम की स्थिति को लेकर असमंजस बरकरार

गुरुवार दोपहर गुजरात के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 क्रैश हो गई। यह विमान अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रहा था और इसमें 242 लोग सवार थे, जिनमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल थे। हादसा टेकऑफ के कुछ मिनट बाद मेघानीनगर के रिहायशी इलाके में हुआ, जिससे क्षेत्र में भारी धुआं और आग की लपटें फैल गईं, जिससे दहशत का माहौल बन गया।

विमान, बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर दोपहर 1:38 बजे रनवे 23 से उड़ा था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, टेकऑफ के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल को "मेडे" कॉल मिला, जिसके बाद संपर्क टूट गया। विमान में 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर थे। पूरी तरह भरे ईंधन टैंक के कारण आग तेजी से फैली, जिसने बचाव कार्य को जटिल बना दिया। जांच में इंजन खराबी और पायलट त्रुटि की संभावना तलाशी जा रही है।

Advertisement

 इस बीच एयर इंडिया ने ट्वीट कर बताया है कि फ्लाइट में 217 वयस्क, 11 बच्चे और दो नवजात शामिल थे, जिसमें 55 ब्रिटिश और 7 पुर्तगाली नागरिक थे। हादसे के तुरंत बाद आपातकालीन सेवाएं सक्रिय हो गईं। एनडीआरएफ, दमकल गाड़ियां और मेडिकल टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। स्थानीय लोग भी बचाव में जुटे, और घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। अभी तक हताहतों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक जिस रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स में विमान गिरा है वहां 12 लोगों की मृत्यु हुई है। सिविल हॉस्पिटल अहमदाबाद ने अभी तक 40 मौतों की पुष्टि की है। माना जा रहा है की इस घटना में करीब 100 से ज्यादा लोग हताहत हो सकते हैं।

एयर इंडिया विमान हादसे के बाद घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। एयर इंडिया ने यात्रियों और उनके परिजनों के लिए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर 1800 5691 444 जारी किया है, जहां से जानकारी प्राप्त की जा सकती है। कंपनी ने जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग देने की बात कही है। एयर इंडिया ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी आधिकारिक अपडेट उसके एक्स (X) हैंडल और वेबसाइट पर दिए जाएंगे। मीडिया से अनुरोध किया गया है कि वे इस हेल्पलाइन नंबर पर कॉल न करें और किसी भी जानकारी के लिए +91 9821414954 पर संपर्क करें।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Ahmedabad plane crash, Air India, Vijay Rupani, Boeing 787 Dreamliner, Meghani Nagar, rescue operation, Amit Shah, DGCA
OUTLOOK 12 June, 2025
Advertisement