Advertisement
22 July 2024

मुंबई में ‘हिट एंड रन’ का एक और मामला: ऑडी कार ने दो ऑटोरिक्शा को मारी टक्कर, चार लोग घायल

मुंबई के मुलुंड इलाके में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर शराब के नशे में, अपनी तेज रफ्तार ऑडी कार से दो ऑटोरिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मामले में कांजुरमार्ग निवासी दत्तात्रेय गोरे (43) को उसकी बहन के घर से गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद आरोपी मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया था। अधिकारी ने बताया कि हादसा डम्पिंग रोड पर सुबह करीब छह बजकर मिनट पर हुआ और पुलिस ने बाद में कार को जब्त कर लिया।

उन्होंने बताया कि कार ने दो ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे दो चालक और दो यात्री घायल हो गए। घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के रक्त का नमूना कलीना फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला भेजा था। जांच में पता चला कि हादसे के समय वह शराब के नशे में था।

Advertisement

उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की संबद्ध धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

हाल में, वर्ली इलाके में बीएमडब्ल्यू कार ने एक स्कूटी को टक्कर मार दी थी। इस घटना में, दोपहिया वाहन पर सवार एक महिला की मौत हो गई थी।

TAGS: Hit and run case, mumbai hit run case, Audi car accident, What is hit and run case
OUTLOOK 22 July, 2024
Advertisement