Advertisement
04 June 2025

असम: बाढ़ से मरने वालों की संख्या पहुंची 19, करीब 6.8 लाख लोग प्रभावित

असम में बुधवार को बाढ़ की स्थिति बहुत गंभीर हो जाने के साथ यहां दो और लोग मारे गए हैं, जबकि 21 जिलों में प्रभावित लोगों की संख्या बढ़कर लगभग 6.8 लाख पहुंच गई है। एक आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई।

ब्रह्मपुत्र सहित नौ नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जबकि गुवाहाटी स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) ने राज्य में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा का पूर्वानुमान जताया है।

आरएमसी ने कहा कि धुबरी, दक्षिण सलमारा-मनकाचर, ग्वालपारा और कोकराझार में गरज के साथ बारिश होने और बिजली चमकने तथा 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।

राज्य के कई हिस्सों में सड़क, रेल और नौका सेवाएं प्रभावित रहीं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के बुलेटिन में कहा गया है कि नगांव और कछार जिलों में दो मौतें हुई हैं। कछार में एक व्यक्ति के लापता होने की खबर है।

इन हताहतों के साथ, इस वर्ष बाढ़ और भूस्खलन में मरने वाले लोगों की संख्या 19 पहुंच गई है।

Advertisement

कुल मिलाकर 21 जिलों के 66 राजस्व क्षेत्रों और 1,494 गांवों में कुल 6,79,423 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं, जबकि मंगलवार को 21 जिलों में प्रभावित लोगों की संख्या 6.5 लाख से अधिक थी।

श्रीभूमि में सबसे अधिक 2,59,601 लोग प्रभावित है, उसके बाद हैलाकांडी में 1,72,439 और नगांव में 1,02,716 लोग प्रभावित हैं। राज्य में बाढ़ प्रभावितों के लिए कुल 190 राहत शिविर संचालित हैं, जो 39,746 विस्थापित लोगों को आश्रय प्रदान कर रहे हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Assam flood crisis, heavy rainfall warning, rivers danger level, 6.8 lakh affected, 21 districts impacted, 2 new deaths, disrupted transport services, missing person report, 190 relief camps, 19 total deaths.
OUTLOOK 04 June, 2025
Advertisement