Advertisement
24 August 2024

असम दुष्कर्म मामले के मुख्य आरोपी की मौत, ग्रामीण नहीं होंगे जनाजे में शामिल

असम दुष्कर्म मामले के मुख्य आरोपी की मौत, ग्रामीण नहीं होंगे जनाजे में शामिल | ANI

असम में एक नाबालिग लड़की से बलात्कार का मुख्य आरोपी शुक्रवार देर रात पुलिस हिरासत से कथित रूप से फरार हो गया और उसने नगांव जिले के धींग में एक तालाब में छलांग लगा दी जिससे उसकी मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

आरोपी के गांव बोरभेटी के लोगों ने उसके जनाजे में शामिल नहीं होने और गांव के कब्रिस्तान में उसे दफनाने की अनुमति नहीं देने का निर्णय लिया है।

नगांव के पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वप्निल डेका ने संवाददाताओं को बताया कि शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए आरोपी को हथकड़ी लगाकर देर रात करीब साढ़े तीन बजे उस स्थान पर ले जाया गया जहां कथित तौर पर अपराध हुआ था ताकि ‘क्राइम सीन’ (अपराध के क्रम) का पता लगाया जा सके।

Advertisement

डेका ने कहा, ‘‘आरोपी एक पुलिसकर्मी पर हमला कर पुलिस हिरासत से भाग गया और तालाब में कूद गया।’’

उन्होंने बताया कि राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) को तुरंत सूचित किया गया, तलाश अभियान शुरू किया गया और लगभग दो घंटे के बाद उसका शव बरामद किया गया।

एसपी ने बताया कि इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार रात लगभग आठ बजे ट्यूशन पढ़कर साइकिल से घर लौट रही नाबालिग पर तीन लोगों ने हमला कर दिया और उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। तीन लोग मोटरसाइकिल पर आए और नाबालिग को घेर लिया।

पुलिस ने बताया कि उन्होंने उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया और उसे घायल एवं बेहोशी की हालत में एक तालाब के निकट सड़क के किनारे छोड़ दिया। कक्षा 10वीं की छात्रा को बाद में स्थानीय लोगों ने देखा और पुलिस को सूचना दी।

इस बीच बोरभेटी के ग्रामीणों ने शनिवार सुबह बैठक कर युवक द्वारा किये गये अपराध को लेकर तीन निर्णय लिए।

गांव के एक बुजुर्ग मोहम्मद शाहजहां अली चौधरी ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘हमने गांव के कब्रिस्तान में उसे दफनाने की अनुमति नहीं देने, उसके ‘जनाजे’ में शामिल नहीं होने और उसके परिवार का सामाजिक बहिष्कार करने का फैसला किया है।’’

TAGS: Assam rape case, Assam rape accused, Assam rape accused death, Hemanta Biswa Sharma
OUTLOOK 24 August, 2024
Advertisement