Advertisement
11 September 2021

तेजस्वी ने सीएम नीतीश को लिखा पत्र, रामविलास पासवान और रघुवंश प्रसाद के लिए की ये बड़ी मांग

FILE PHOTO

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव इन दिनों काफी सुर्खियों में बने हुए हैं। तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सामने अपनी तीन मांगें रखी हैं। यह मांग तेजस्वी यादव ने रामविलास पासवान और रघुवंश प्रसाद सिंह के लिए रखी है। बिहार ने पिछले साल अपने दो कद्दावर नेताओं को खोया। एक रामविलास पासवान और दूसरे रघुवंश प्रसाद सिंह दोनों के निधन के बाद राज्य के सियासी गलियारों में काफी दिनों तक शोक की लहर थी। हाल ही में आरजेडी नेता रघुवंश प्रसाद की पुण्यतिथि मनाई गई है। वहीं, 12 सितंबर को एलजेपी के संस्थापक रामविलास पासवान की पहली बरसी मनाई जानी है। ऐसे में सूबे में सियासत तेज हो गई।

इसी क्रम में मरणोपरांत दोनों कद्दावर नेताओं के सम्मान के लिए बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर बड़ी मांग की है। तेजस्वी ने पत्र लिखकर पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह और रामविलास पासवान की बिहार में प्रतिमा स्थापित करते हुए उनकी जयंती और पुण्यतिथि को राजकीय समारोह घोषित करने की मांग की है।

मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में उन्होंने कहा, " रघुवंश प्रसाद सिंह और रामविलास पासवान दोनों ही राज्य के महान विभूति होने के साथ-साथ प्रखर समाजवादी नेता थे। दोनों ही राजनेताओं ने अपने सामाजिक सरोकारों और सक्रिय राजनीतिक जीवन के माध्यम से बिहार राज्य की उल्लेखनीय सेवा की। दोनों बिहार के ऐसे सपूत रहे हैं जिनके व्यक्तित्व और कृतित्व से हम सभी बिहारवासी सदा ऋणी रहेंगे।"

Advertisement

तेजस्वी ने कहा, " आपको तो पता ही है निधन से कुछ दिन पहले रघुवंश प्रसाद ने आपको सम्बोधित पत्र के माध्यम से अपनी कुछ मांगें पूर्ण करने की इच्छा व्यक्त की थी। मुझे विश्वास है कि आप उन मांगों को पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठा रहे होंगे। उनकी अंतिम इच्छाओं को सम्मान देते हुए उन्हें पूरा करना ही उनके प्रति हमलोगों की सच्ची श्रद्धांजलि होगी।"

पत्र में कहा गया, " इसी प्रकार रामविलास पासवान सामाजिक न्याय, समतावादी विकास और समाजवाद के प्रबल पक्षधर थे। उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन वंचितों उपेक्षितों के सामाजिक उत्थान, संघर्ष, रक्षा और विकास के लिए समर्पित किया। वो बिहार के विकास के लिए सदैव संघर्षरत रहे। इसलिए अनुरोध है कि दोनों दिवंगत नेताओं की राज्य में आदमकद प्रतिमा स्थापित करते हुए उनकी जयंती और पुण्यतिथि को राजकीय समारोह घोषित किया जाए।"

यहां पढ़ें पूरा पत्र-

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Tejashwi Yadav, Bihar, CM Nitish Kumar, Ram Vilas Paswan, Raghuvansh Prasad
OUTLOOK 11 September, 2021
Advertisement