Advertisement
08 January 2021

तेजस्वी की शादी में नीतीश के बेटे और चिराग बने रोड़ा, राबड़ी देवी का खुलासा

बिहार की हालिया राजनीति में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अपने तेवर की वजह चर्चित रहते ही हैं। लेकिन कई बार उनकी शादी को लेकर भी चर्चाएं होती हैं। अब कहा जा रहा है कि तेजस्‍वी यादव की शादी में सीएम नीतीश कुमार और एलजेपी अध्‍यक्ष चिराग पासवान की वजह से देर हो रही है। दरअसल उनकी मां और बिहार की पूर्व मुख्‍यमंत्री राबड़ी देवी ने शर्त रख दी है कि पहले मुख्यमंत्री नीतीश के बेटे और चिराग पासवान की शादी होगी तभी तेजस्‍वी शादी करेंगे। राबड़ी देवी ने पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही। 

हिंदुस्तान के अनुसार बिहार विधानसभा की एक समिति की बैठक में शामिल होने पहुंची राष्‍ट्रीय जनता दल की राष्‍ट्रीय उपाध्‍यक्ष राबड़ी देवी ने तेजस्‍वी यादव की शादी के बारे में पूछे गए एक प्रश्न पर कहा कि आप बार-बार यह सवाल पूछते हैं। अभी ऐसी कोई तैयारी नहीं है। जो बड़े हैं, पहले उन्हें सोचना चाहिए। तेजस्वी की अभी उम्र ही क्या है। नीतीश जी के बेटे की शादी तय हो गई क्‍या? चिराग पासवान की शादी तय हो गई क्‍या? पहले नीतीश जी अपने बेटे की शादी करें और चिराग पासवान शादी करें तब मैं भी अपने बेटे तेजस्वी की शादी के बारे में सोचूंगी। 

इससे पहले राबड़ी देवी ने बताया था उन्‍हें कैसी बहू चाहिए। गौरतलब है कि तेजस्वी अभी अविवाहित हैं और उनकी शादी की चर्चा होती रहती है। महागठबंधन की सरकार में उपमुख्‍यमंत्री रहते उनके पास लड़कियों के विवाह प्रस्‍ताव की लाइन लग गई थी। तब राबड़ी देवी ने कहा था कि बेटे की शादी के लिए उन्‍हें संस्‍कारी, सुंदर और सुशील बहू चाहिए।

TAGS: तेजस्वी यादव की शादी, आरजेडी, तेजस्वी, नीतीश कुमार, चिराग पासवान, राबड़ी देवी, Tejashwi's marriage, Tejashwi, Nitish kumar, Chirag, Rabri Devi, RJD
OUTLOOK 08 January, 2021
Advertisement