Advertisement
30 January 2024

चंडीगढ़ मेयर पद पर बीजेपी का कब्जा, इंडिया ब्लॉक को एक और झटका

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए मंगलवार को चंडीगढ़ मेयर चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप)-कांग्रेस गठबंधन को हरा दिया है। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार भाजपा उम्मीदवार मनोज सोनकर ने आप के कुलदीप कुमार को हराकर मेयर पद जीता। सदन में अराजकता फैल गई क्योंकि AAP-कांग्रेस ने आठ वोटों को अवैध घोषित करने के फैसले का विरोध किया, जिससे सोनकर की जीत हुई।

 बता दें कि चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर ने सबसे पहले वोट डाला। उन्होंने सुबह 11 बज कर करीब 15 मिनट पर नगर निकाय भवन में मतदान किया। उनके पास चंडीगढ़ नगर निगम के पदेन सदस्य के रूप में मतदान का अधिकार है। शुरुआत में महापौर पद के लिए मतदान हो रहा है और वोटों की गिनती के बाद वरिष्ठ उपमहापौर और उपमहापौर पदों के लिए चुनाव कराए जाएंगे।

चंडीगढ़ के उपायुक्त विनय प्रताप सिंह चुनाव के लिए निर्धारित प्राधिकारी हैं, और वह मतदान प्रक्रिया के दौरान मौजूद थे। भाजपा पिछले आठ वर्षों से महापौर पद पर काबिज है। कांग्रेस के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी ने महापौर पद के लिए प्रत्याशी खड़ा किया है। जबकि कांग्रेस ने वरिष्ठ उपमहापौर और उपमहापौर पदों के लिए अपने उम्मीद्वार चुनावी मैदान में उतारे हैं।

Advertisement

चुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम भवन में चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अर्धसैनिक बलों के साथ-साथ लगभग 700 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। चंडीगढ़ नगर निगम में 35 सदस्यों में से भाजपा के 14 पार्षद हैं, आम आदमी पार्टी के 13 पार्षद हैं और कांग्रेस के सात पार्षद हैं, जबकि शिरोमणि अकाली दल का एक पार्षद है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Mayor of chandigarh, Chandigarh mayor election, AAP, Akali dal, BJP, Chandigarh mayor voting, Punjab election
OUTLOOK 30 January, 2024
Advertisement