Advertisement
21 October 2023

कांग्रेस ने राजस्थान के लिए जारी की 33 उम्मीदवारों की पहली सूची, गहलोत और पायलट का नाम शामिल

भाजपा के बाद अब कांग्रेस ने भी राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को अपने 33 उम्मीदवारों को पहली सूची जारी कर दी है। पहली लिस्ट में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के नाम भी शामिल हैं। पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के अनुसार, गहलोत को उनके विधानसभा क्षेत्र सरदारपुरा से ही उम्मीदवार बनाया गया है। पायलट टोंक से चुनाव लड़ेंगे जहां से वह वर्तमान विधायक हैं।

कांग्रेस ने विधानसभा अध्यक्ष सी.पी. जोशी को उनके वर्तमान निर्वाचन क्षेत्र नाथद्वारा से उम्मीदवार बनाया है। बायतू से पूर्व मंत्री हरीश चौधरी और सवाई माधोपुर से दानिश अबरार को टिकट दिया गया है। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने गत बुधवार को राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन को लेकर चर्चा की थी। राजस्थान की सभी 200 विधानसभा सीट पर 25 नवंबर को मतदान होगा। मतगणना तीन दिसंबर को होगी।

Advertisement

दूसरी तरफ, आज भाजपा ने भी राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर प्रत्याशियों की दूसरी सूची भी जारी कर दी है। पार्टी ने आज जारी की गई लिस्ट में 83 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। इससे पहले भाजपा ने 9 अक्टूबर को प्रत्याशियों की पहली सूची जारी थी, जिसमें प्रदेश की 41 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया था। इनमें से 39 सीटें भाजपा पिछले चुनाव में हार गई थी। यहां नए चेहरों के अलावा सात सांसदों को भी टिकट दिया गया है।

 दूसरी लिस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को टिकट दिया गया। इसके अलावा कांग्रेस से बीजेपी में आई ज्योति मिर्धा का नाम भी शामिल है। राजस्थान में 25 नवंबर को वोटिंग है। इसके लिए सत्ताधारी कांग्रेस और विपक्षी पार्टी बीजेपी में ही सीधा मुकाबला है। बीजेपी लगातार कांग्रेस से बढ़त बनाए हुए हैं। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Ashok Gehlot, Sachin Pilot, Congress, BJP, Rajasthan election, Congress release candidate list
OUTLOOK 21 October, 2023
Advertisement