Advertisement
06 May 2025

संगीत कार्यक्रम में कथित टिप्पणी से भड़का विवाद, सोनू निगम ने कन्नड़ समुदाय से मांगी माफी

मशहूर गायक सोनू निगम ने कर्नाटक के लोगों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। यह माफी उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर के बाद सामने आई है। एफआईआर में उन पर कन्नड़ समुदाय को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। यह टिप्पणी बेंगलुरु में 25-26 अप्रैल को हुए एक संगीत कार्यक्रम के दौरान की गई थी।

सोनू निगम ने इंस्टाग्राम पर अपनी माफीनामा पोस्ट करते हुए लिखा, "सॉरी कर्नाटक। मेरा प्यार आपके लिए मेरे अहंकार से बड़ा है। हमेशा आपसे प्यार करता रहूंगा।"

यह माफी उस समय सामने आई जब बेंगलुरु ग्रामीण पुलिस ने उन्हें नोटिस जारी करते हुए निर्देश दिया कि वह एक सप्ताह के भीतर जांच अधिकारी के समक्ष पेश हों।

Advertisement

एफआईआर 3 मई को अवलाहल्ली पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई। यह शिकायत धर्मराज ए ने दर्ज कराई। वह कर्नाटक रक्षण वेदिके की बेंगलुरु सिटी इकाई के अध्यक्ष हैं। शिकायत में सोनू निगम पर यह आरोप लगाया गया है कि उनके द्वारा ऐसी आपत्तिजनक और भावनात्मक रूप से भड़काऊ टिप्पणी की थी। जिससे कन्नड़ समुदाय की भावनाएं आहत हुईं और राज्य में भाषाई समूहों के बीच नफरत फैलाने का माहौल बना। एफआईआर में भारतीय दंड संहिता की धारा 351(2), 352(1), और 353 के अंतर्गत आरोप लगाए गए हैं।

इस कार्यक्रम में सोनू निगम के दिए गए बयानों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। जिसे लेकर कई कन्नड़ समर्थक कार्यकर्ता और राजनीतिक समूह विरोध जता रहे हैं।

गौरतलब है कि यह पूरा मामला ऐसे समय पर सामने आया है जब कर्नाटक में ‘कन्नड़ बनाम हिंदी’ जैसे मुद्दे को लेकर भाषा विवाद चरम पर है। राज्य में लंबे समय से स्थानीय भाषा कन्नड़ को प्राथमिकता देने की मांग उठती रही है। कई कन्नड़ संगठनों और राजनीतिक दलों ने आरोप लगाया है कि हिंदी और अन्य भाषाओं को ज़रूरत से ज़्यादा बढ़ावा दिया जा रहा है। जिससे स्थानीय संस्कृति और भाषा को हाशिए पर डाला जा रहा है।

इस पृष्ठभूमि में सोनू निगम की कथित टिप्पणी को लेकर विवाद बढ़ गया है। कई लोगों ने इसे भाषाई अस्मिता पर हमला माना है। कन्नड़ समर्थकों का कहना है कि यह बयान समुदाय की गरिमा के खिलाफ है। उनके अनुसार जब कोई बाहरी व्यक्ति सार्वजनिक मंच से ऐसा कहता है, तो इससे लोगों की भावनाएं आहत होती हैं। यह सामाजिक सौहार्द को भी नुकसान पहुंचा सकता है।

सोनू निगम को कर्नाटक में भी एक बड़ा फैनबेस प्राप्त है। वे “अभी मुझमें कहीं” और “सपना जहां” जैसे लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों के लिए प्रसिद्ध हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Sonu Nigam, public apology, Karnataka, Kannada language row, FIR against Sonu Nigam, Bengaluru music event, linguistic identity, language controversy, social media backlash, language politics in Karnataka
OUTLOOK 06 May, 2025
Advertisement