Advertisement
06 April 2025

वक्फ विधेयक के खिलाफ काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन, 300 लोगों के खिलाफ नोटिस

Representative image

मुजफ्फरनगर जिले में वक्फ (संशोधन) विधेयक के खिलाफ काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन करने वाले 300 लोगों को नोटिस जारी करके उन्हें दो-दो लाख रुपये के बांड भरने के आदेश दिये हैं।

 
पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर नगर मजिस्ट्रेट विकास कश्यप ने वे नोटिस जारी किये हैं। नोटिस में संबंधित लोगों से 16 अप्रैल को अदालत में पेश होने के बाद दो-दो लाख रुपये के बांड भरने को कहा गया।

उन्होंने बताया कि जिन लोगों को नोटिस जारी किया गया वे वक्फ (संशोधन) विधेयक के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए और 28 मार्च को यहां विभिन्न मस्जिदों में रमजान के अलविदा जुमे की नमाज के दौरान अपनी बांहों पर काली पट्टी पहने हुए पाए गए थे।

वक्फ (संशोधन) विधेयक को संसद के दोनों सदनों में पारित किया जा चुका है। लोकसभा में पारित होने के बाद अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में यह विधेयक पेश किया था, जिसे करीब 13 घंटे की चर्चा के बाद मंजूरी दे दी गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को विधेयक को मंजूरी दे दी।

Advertisement

मुस्लिम संगठनों का कहना है कि यह विधेयक असंवैधानिक है।

हालांकि सरकार का कहना है कि इस विधेयक का उद्देश्य वक्फ संपत्तियों से जुड़े कामकाज में सुधार करना, जटिलताओं को दूर करना, पारदर्शिता सुनिश्चित करना और प्रौद्योगिकी पर आधारित प्रबंधन शुरू करना है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Waqf bill, Waqf amendment bill, Waqf bill protest, Amit Shah, BJP, Congress
OUTLOOK 06 April, 2025
Advertisement