Advertisement
04 November 2024

निर्वाचन आयोग का बड़ा फैसला, चुनाव से पहले महाराष्ट्र के डीजीपी के तत्काल तबादले का आदेश

निर्वाचन आयोग का बड़ा फैसला, चुनाव से पहले महाराष्ट्र के डीजीपी के तत्काल तबादले का आदेश

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग ने कांग्रेस समेत कई राजनीतिक दलों से शिकायतें मिलने के बाद राज्य सरकार को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) रश्मि शुक्ला का तत्काल प्रभाव से तबादला करने का सोमवार को निर्देश दिया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

 सूत्रों ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने महाराष्ट्र की मुख्य सचिव को शुक्ला का प्रभार उनके बाद काडर के सबसे वरिष्ठ आईपीएस (भारतीय पुलिस सेवा) अधिकारी को सौंपने का निर्देश दिया।

उन्होंने बताया कि मुख्य सचिव को डीजीपी के पद पर नियुक्ति के लिए मंगलवार दोपहर तक तीन आईपीएस अधिकारियों का पैनल भेजने का भी निर्देश दिया गया।

महाराष्ट्र में 20 नवंबर को मतदान होना है।

हाल में एक समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार ने अधिकारियों को न केवल निष्पक्ष रहने बल्कि यह भी सुनिश्चित करने को कहा था कि अपने कर्तव्यों का पालन करते समय उन्हें पक्षपाती न समझा जाए।

Advertisement

कुमार ने 29 अक्टूबर को महाराष्ट्र में राजनीति से प्रेरित अपराधों पर चिंता जताई थी। उन्होंने डीजीपी शुक्ला को चुनावी माहौल को प्रभावित करने वाले अपराधों पर सख्ती से लगाम लगाने को कहा था।

राज्य में हाल में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या से राजनीतिक बवाल मचा हुआ है।

TAGS: Election commision, DGP maharashtra, DGP Maharashtra transfer, Maharashtra assembly elections
OUTLOOK 04 November, 2024
Advertisement