Advertisement
17 August 2018

केरल में बाढ़ का कहर जारी, अबतक 324 मौतें

ANI

केरल में बाढ़ की वजह से स्थिति और खराब होते जा रही है। मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है और यह आंकड़ा शुक्रवार को 324 पहुंच गया। सेना के जवान राज्य में कई जगहों पर लोगों की मदद में लगे हुए हैं। रेलवे ने भी बाढ़ को देखते हुए केरल और कर्नाटक जाने वाली 17 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। आठ ट्रेनें आंशिक तौर पर रद्द की गई जबकि दो के मार्ग बदल दिए गए हैं।

इस बीच, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राज्य सरकार केरल को दस करोड़ रुपये देगी। उन्होंने कहा कि मैंने केरल के मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री पिनारायी विजयन से बात की है। केजरीवाल ने लोगों से अपील की कि वे केरल के लोगों की मदद के लिए दान देने के लिए आगे आएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी केरल के मुख्यमंत्री से बात कर राज्य का हाल जाना।

राज्य में अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी और पेट्रोल पंप में ईंधन की कमी से संकट गहराता दिखा। अधिकारियों ने आज यह जानकारी दी। करीब एक सदी में आई इस प्रलयंकारी बाढ़ में आठ अगस्त के बाद से अब तक 324 लोगों की मौत हो गऊ है। आपदा ने इस प्राकृतिक छटा वाले राज्य को झकझोर कर रख दिया है। इसके चलते इसका पर्यटन उद्योग बर्बाद हो गया है, हजारों हेक्टेयर भूभाग में उपजी फसलें तबाह हो गयी हैं और बुनियादी ढांचे को जबरदस्त नुकसान पहुंचा है।

एनडीआरएफ कर्मियों के अलावा सेना, नौसेना, वायुसेना के कर्मियों ने बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित इलाकों में अपने-अपने घरों की छतों, ऊंचे स्थानों पर फंसे लोगों को निकालने का कार्य शुरू किया। ऊंचाई वाले इलाकों में पहाड़ों के दरकने के कारण चट्टानों के टूटकर नीचे सड़क पर गिरने से सड़कें अवरुद्ध हो गईं जिससे वहां रहने वालों और गांवों में बचे लोगों का संपर्क बाकी की दुनिया से कट गया है। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों समेत सैकड़ों लोग ऐसी जगहों पर फंसे हैं जहां नौका से पहुंच पाना मुश्किल है। उन लोगों को रक्षा मंत्रालय के हेलीकॉप्टर की मदद से निकाला गया और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

टीवी चैनलों पर प्रसारित एक वीडियो फुटेज में प्रसव पीड़ा से जूझ रही एक महिला को नौसेना के हेलीकॉप्टर में एक रस्सी के सहारे ऊपर पहुंचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान महिला की एमनियोटिक थैली फट गई थी और ऑपरेशन के लिए उसे नौसेना अस्पताल भेजा गया, जहां उसने बेटे को जन्म दिया। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Kerala, lost lives, floods, Karnataka, trains, heavy rains
OUTLOOK 17 August, 2018
Advertisement