Advertisement
20 September 2022

नोएडा में बड़ा हादसा, सेक्टर-21 में दीवार गिरने से 4 लोगों की मौत, मलबे में दबे 9 लोगों को निकाला गया

ट्विटर/एएनआई

राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया है। नोएडा के सेक्टर-21 में दीवार गिरने से चार लोगों की मौत हो गई है। यह हादसा बिजली घर के सामने जलवायु विहार में हुआ है। तकरीबन 5-6 लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया है।

बताया जा रहा है कि दीवार के बगल में नाली बनाने का काम चल रहा था और अचानक से दीवार के गिरने से से हादसा हो गया। अभी 3 जेसीबी के सहारे ईंट हटाने का काम किया जा रहा है। मलबे में दबे अन्य लोगों की तलाश जारी है।

नोएडा के डीएम सुहास एलवाई ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि नोएडा प्राधिकरण ने जलवायु विहार के पास जल निकासी मरम्मत कार्य का ठेका सेक्टर 21 में दिया था। हमें बताया गया है कि जब मजदूर ईंटें निकाल रहे थे, उसी वक्त दीवार गिर गई। इसकी जांच कराई जाएगी। जिला अस्पताल में दो और कैलाश अस्पताल में दो को मिलाकर कुल 4 लोगों की मौत की जानकारी प्राप्त हुई है।

Advertisement

सुहास एलवाई ने आगे बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। घायलों के बारे में ज्यादा जानकारी का पता लगाया जा रहा है। एहतियात के तौर पर इलाके की तलाशी ली जा रही है। सभी टीमें यहां मौजूद हैं।

 

सीएम योगी आदित्यनाथ ने नोएडा में दीवार गिरने से हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर तत्काल पहुंचकर युद्धस्तर पर राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं। योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके उपचार की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Uttar Pradesh, Noida, Noida Authority, Noida Sector 21 wall collapse, Jal Vayu Vihar, Noida DM Suhas LY, CM Yogi Adityanath
OUTLOOK 20 September, 2022
Advertisement