Advertisement
14 May 2024

आप ने माना स्वाति मालीवाल के साथ हुआ 'दुर्व्यवहार', पीएस विभव पर केजरीवाल करेंगे सख्त कार्रवाई

आप ने माना स्वाति मालीवाल के साथ हुआ 'दुर्व्यवहार', पीएस विभव पर केजरीवाल करेंगे सख्त कार्रवाई | file photo

सीएम अरविंद केजरीवाल के आवास पर राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के साथ हुए "दुर्व्यवहार" की घटना को आम आदमी पार्टी ने संज्ञान में लिया है। आप नेता संजय सिंह ने कहा कि आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के पीएस बिभव कुमार के खिलाफ सोमवार को सीएम आवास पर स्वाति मालीवाल के साथ "दुर्व्यवहार" के हालिया आरोप पर कड़ी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि यह एक ''निंदनीय घटना'' है।

मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिंह ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए कहा, "कल मालीवाल अरविंद केजरीवाल से मिलने उनके आवास पर गई थीं। जब वह ड्राइंग रूम में उनसे मिलने का इंतजार कर रही थीं, तभी विभव कुमार ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया।" सिंह ने कहा, "यह बेहद निंदनीय घटना है। केजरीवाल ने इसका संज्ञान लिया है और घटना पर कड़ी कार्रवाई करेंगे।" उन्होंने कहा, "वह पार्टी की पुरानी और वरिष्ठ नेता में से एक हैं। हम सब उनके साथ हैं।'

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मालीवाल सोमवार को सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन गईं और आरोप लगाया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी स्टाफ के एक सदस्य ने मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर उनके साथ "मारपीट" की। पुलिस को अभी तक औपचारिक शिकायत नहीं मिली है।

Advertisement

दिल्ली नगर निगम की बैठक में बीजेपी पार्षदों ने स्वाति मालीवाल के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी को घेरा। मंगलवार को 11 बजे निगम की बैठक में मेयर शैली ओबेरॉय जैसे ही आसन पर पहुंचीं बीजेपी के पार्षदों ने हंगामा खड़ा कर दिया और केजरीवाल के इस्तीफे की मांग करने लगे। इस पर मेयर ने बैठक स्थगित कर दी।

OUTLOOK 14 May, 2024
Advertisement