Advertisement
17 February 2025

AAP ने दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा में देरी पर सवाल उठाया

आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली में मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा में देरी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर फिर से निशाना साधा और कहा कि पार्टी के पास सरकार चलाने के लिए ‘‘कोई चेहरा’’ नहीं है।

आप की वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली की कार्यवाहक मुख्यमंत्री आतिशी ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा पर राष्ट्रीय राजधानी में शासन के लिए एक विश्वसनीय नेता की कमी का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव परिणाम घोषित हुए दस दिन हो चुके हैं। लोगों को लगा था कि भाजपा नौ फरवरी को अपने मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल की घोषणा करेगी और तुरंत विकास कार्य शुरू कर देगी। लेकिन अब यह स्पष्ट हो गया है कि उनके पास दिल्ली में शासन के लिए कोई चेहरा नहीं है।’’

Advertisement

आतिशी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली में चुने गए 48 भाजपा विधायकों में से किसी पर भी भरोसा नहीं करते हैं और आरोप लगाया कि पार्टी के पास शासन के लिए कोई ‘विजन’ या योजना नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा ये अच्छे से जानती है कि उसे दिल्ली के लोगों को सिर्फ लूटना है। अगर उनके पास सरकार चलाने के लिए कोई सक्षम व्यक्ति नहीं है, तो वे लोगों के लिए कैसे काम करेंगे?’’

दिल्ली विधानसभा चुनाव में निर्णायक जीत के बाद नेतृत्व के फैसले में देरी के कारण आप और भाजपा के बीच राजनीतिक लड़ाई और बढ़ने वाली है।

हाल में संपन्न 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 48 सीट हासिल की, जबकि आप ने 22 सीट जीती। पांच फरवरी को मतदान के बाद आठ फरवरी को चुनाव परिणाम घोषित किए गए।

भाजपा की जीत ने राष्ट्रीय राजधानी में आप के एक दशक के शासन को समाप्त कर दिया। 2020 के विधानसभा चुनाव में आप ने 70 में से 62 सीट जीती थीं, जबकि भाजपा सिर्फ आठ सीट जीत पाई थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: AAP, questions, delay, announcing the name, Delhi Chief Minister
OUTLOOK 17 February, 2025
Advertisement